
चितरंगी। धनतेरस के पावन पर्व पर आज शुक्रवार को चितरंगी मुख्यालय के बाजार में खरीदारी के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। इस दौरान बाजार में यातायात व्यवस्था चरमरा गई और सड़क पर जाम की स्थिति निर्मित हो गई। इसी जाम में राज्य मंत्री राधा सिंह का काफिला भी फंस गया। मंत्री अपने निवास की ओर जा रही थीं, तभी बाजार में वाहनों की लंबी कतार के कारण उनका काफिला आगे नहीं बढ़ सका। इस दौरान राज्य मंत्री ने बाजार में यातायात व्यवस्था प्रभावित होने का कारण बताते हुए कहा कि मंदिर के सामने कुछ लोग सड़क पर ही दुकानें लगा लेते हैं, जिससे आवागमन बाधित होता है। उन्होंने कहा कि यदि उनके द्वारा ऐसे लोगों के विरुद्ध कोई कार्रवाई की जाती है तो लोग उन्हें ही गलत ठहराने लगेंगे।
