ग्राम खमेरा मार्ग पर डामर प्लांट बना जहर की फैक्ट्री धुएं से ग्रामीणों की सेहत पर संकट 

सिलवानी। ग्राम खमेरा मार्ग पर संचालित डामर प्लांट अब आसपास के ग्रामीणों के लिए जहर की फैक्ट्री बन गया है। प्लांट से लगातार निकल रहा काला धुआं पूरे क्षेत्र की हवा को प्रदूषित कर रहा है जिससे ग्रामीणों में खांसी सांस लेने में तकलीफ और आंखों में जलन जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। सबसे ज्यादा असर बच्चों और बुजुर्गों पर देखने को मिल रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि यह प्लांट लगभग दो वर्ष से संचालित हो रहा है लेकिन आज तक प्रशासन ने इसकी गंभीरता से जांच नहीं कराई। लोगों का कहना है कि प्लांट संचालक खुलेआम पर्यावरणीय नियमों की अनदेखी कर दिन रात धुआं छोड़ रहे हैं जिससे पूरा क्षेत्र प्रदूषण की चपेट में है।

स्थानीय निवासियों के मुताबिक सुबह और शाम के समय हालात और ज्यादा खराब हो जाते हैं। धुएं की तीव्रता इतनी बढ़ जाती है कि घरों के अंदर रहना भी मुश्किल हो जाता है। कई ग्रामीणों ने बताया कि लगातार प्रदूषण के कारण उनके स्वास्थ्य पर दुष्प्रभाव साफ नजर आने लगे हैं लेकिन जिम्मेदार विभाग चुप्पी साधे हुए हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रशासन की नाक के नीचे खुलेआम प्रदूषण का खेल चल रहा है लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही। उनका कहना है कि दबंग और राजनीतिक पहुंच वाले लोगों के कारण कार्रवाई नहीं हो पा रही जिसका खामियाजा गरीब और आदिवासी ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन के लिए मजबूर होंगे। उन्होंने मांग की है कि डामर प्लांट की तत्काल जांच कर पर्यावरणीय नियमों के तहत सख्त कार्रवाई की जाए और प्रदूषण पर नियंत्रण सुनिश्चित किया जाए।

जांच कर कार्रवाई करेंगे

इस संबंध में एसडीएम हर्षल चौधरी ने कहा कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Next Post

रोहित शर्मा की हैमस्ट्रिंग चोट का होगा स्कैन

Mon Apr 13 , 2026
मुम्बई, 13 अप्रैल (वार्ता) मुम्बई इंडियंस के स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा अपनी हैमस्ट्रिंग चोट की गंभीरता का पता लगाने के लिए स्कैन करवाएंगे। अब गुरुवार को होने वाले अगले मैच में पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच में उनकी उपलब्धता स्कैन के नतीजों पर निर्भर करेगी। क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार […]

You May Like

मनोरंजन