
रीवा।सडक़ों पर घूम रहे आवारा कुत्ते इन दिनों लोगों के लिए मुसीबत बन चुके हैं. इन आवारा कुत्तों के काटने से अब लोगों की मौतें भी हो रही हैं. ताजा मामला रीवा जिले का है जहां आवारा कुत्ते का शिकार बने एक व्यक्ति की रेबीज इंजेक्शन की पूरी डोज लगने के बाद भी मौत हो गई. परिजनों ने उसे प्राइवेट में रेबीज के 4 इंजेक्शन भी लगवाए, उसके बाद भी बुधवार को उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई.
जिले के गुढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़ा गांव हरदुआ में एक महीने पहले सुधीर पांडेय पिता विनायक पाण्डेय 40 वर्ष को आवारा कुत्ते ने अपना शिकार बनाते हुए काट लिया. परिजनों ने गुढ़ में ही उसे प्राइवेट में रेबीज के 4 इंजेक्शन भी लगवाए. कुछ दिन तक सब कुछ ठीक रहा, लेकिन फिर उसकी अचानक तबीयत बिगडऩे लगी. जिसके बाद परिजनों ने सोमवार को उसे रीवा के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से फिर उसे रीवा के संजय गांधी अस्पताल इलाज के लिए भेज दिया गया. यहां पर बुधवार को उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई. परिजनों का आरोप है कि जब उन्होंने अपने मरीज को रीवा के जिस प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया वहां सही इलाज नहीं किया गया. परिजनों का आरोप है कि उनसे वहां पैसे भी ले लिए गए और तबीयत बिगडऩे पर रीवा के संजय गांधी अस्पताल भेज दिया है.
दूसरा मामला आया सामने
यह एक बड़ा सवाल है कि रेबीज का इंजेक्शन लगने के बाद उसकी मौत हो गई. इसके कुछ दिन पहले भी रीवा में 14 वर्षीय बच्चे की कुत्ता काटने से मौत हो गई थी,उसे भी परिजनों ने रेबीज के पूरे डोज लगवाया था, लेकिन उसके बाद भी उसकी मौत हो गई थी. रेबीज के पूरे डोज लगने के बाद भी उसकी हालत बिगड़ गई. उसकी हरकत स्ट्रीट डॉग की तरह हो गई थी,परिजन तत्काल नितिन को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन डॉक्टरों ने ठीक नहीं होने की बात बोलकर हाथ खड़े कर लिए,जिसके बाद उसकी मौत हो गई.
