अक्षय ईआर के नक्सल कनेक्शन का वीडियो हमारे पास : दिल्ली पुलिस

नयी दिल्ली, 05 दिसंबर (वार्ता) इंडिया गेट पर वायु प्रदूषण के नाम पर हुए प्रदर्शन मामले में दिल्ली पुलिस की जांच ने गंभीर मोड़ ले लिया है। पुलिस का दावा है कि पुलिसकर्मियों पर मिर्ची स्प्रे से हमला करने वाले प्रदर्शनकारी अक्षय ईआर के नक्सली संबंध सामने आए हैं। जांच में यह भी पता चला है कि इस घटना का मुख्य साजिशकर्ता भी यही अक्षय है।
पुलिस जांच रिपोर्ट में कहा गया है, “उसका मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया। फोन की सर्च हिस्ट्री में नक्सलियों से जुड़े वीडियो और लिंक मिले हैं।”
पुलिस सूत्र ने बताया कि फोन की पड़ताल से पता चला कि अक्षय का नक्सलियों से संबंध है।
पुलिस के अनुसार, भगत सिंह छात्र एकता मंच (बीएससीईएम) नामक संगठन ने इस प्रदर्शन में बड़ी भूमिका निभाई। अक्षय इस समूह का प्रमुख व्यक्ति है, जबकि गुरकीरत इसकी अध्यक्ष है और उसकी बहन रवजोत समूह की एडमिन है।
पुलिस जांच में सामने आया है, “अक्षय मुख्य साजिशकर्ता है। उसके फोन की सर्च हिस्ट्री में नक्सलियों से जुड़े वीडियो और लिंक मिले हैं। फोन पर गुरकीरत द्वारा भेजा गया एक टेक्स्ट मैसेज भी है जिसमें माडवी हिडमा को ‘हीरो’ बताया गया है, न कि नक्सली।”
प्रदर्शन के दौरान अक्षय की एक तस्वीर वायरल हुई थी जिसमें पुलिस उसे दबोचकर जमीन पर पटक रही थी। पुलिस का कहना है कि मिर्ची स्प्रे छीनने के लिए उसे ऐसा करना पड़ा। अक्षय ने कथित तौर पर कॉन्स्टेबल इशांत की आंखों में मिर्ची स्प्रे छिड़का था और उसके पास से एक मिर्ची स्प्रे की बोतल बरामद हुई थी।
पुलिस का दावा है कि दूसरी आरोपी गुरकीरत, भगत सिंह छात्र एकता मंच की अध्यक्ष है। पुलिस ने कहा, “वायु प्रदूषण के नाम पर बुलाए गए इस प्रदर्शन में मारे गए नक्सली माडवी हिडमा के समर्थन में नारे लगाने की पूरी तैयारी और एजेंडा था।”
पुलिस ने यह भी दावा किया है कि एक अन्य आरोपी क्रांति उर्फ प्रियांशु सिंह ने अपना मोबाइल नंबर नहीं दिया और जांच को गुमराह कर रहा है।
इसके अलावा, एक अन्य आरोपी विष्णु तिवारी के फोन से 22 नवंबर को लिया गया स्क्रीनशॉट मिला है जिसमें हिडमा को सरेंडर के बहाने मारा गया, यह झूठी जानकारी फैलाई जा रही थी। दिल्ली पुलिस ने कुल 23 प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दो एफआईआर दर्ज की हैं। सभी आरोपी फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं।

Next Post

मांडविया ने घुड़सवारी पदक विजेताओं को किया सम्मानित

Fri Dec 5 , 2025
नयी दिल्ली, 05 दिसंबर (वार्ता) केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने शुक्रवार को पटाया में एफईआई एशियाई घुड़सवारी चैंपियनशिप 2025 में ऐतिहासिक प्रदर्शन कर टीम और व्यक्तिगत स्पर्धाओं में पांच पदक जीतने वाले छह सदस्यीय दल को सम्मानित किया। आशीष लिमाये ने व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण और टीम स्पर्धा […]

You May Like