जरूरतमंदों को रैन बसेरों में पहुंचाया

छिंदवाड़ा। नगर निगम की टीम द्वारा रात्रि के समय शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सड़क किनारे सो रहे जरूरतमंद लोगों को रैन बसेरों में सुरक्षित रूप से शिफ्ट किया गया। तापमान में लगातार गिरावट के चलते रात के समय ठंड से परेशान राहगीरों, श्रमिकों एवं बेसहारा नागरिकों को तत्काल राहत पहुंचाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया। नगर निगम की टीम ने पोला ग्राउंड, मानसरोवर बस स्टैंड, राजीव गांधी बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन परिसर एवं रेलवे ब्रिज के नीचे सो रहे लोगों को रैन बसेरों में पहुंचाया, ताकि वे शीत लहर के प्रकोप से सुरक्षित रह सकें। नगर निगम द्वारा कलेक्ट्रेट के पास तथा नरसिंहपुर नाका स्थित रैन बसेरों में महिलाओं एवं पुरुषों के ठहरने की समुचित व्यवस्था की गई है। यहां रुकने वाले लोगों से किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाता। रैन बसेरों में रूम हीटर, कंबल, धुली हुई चादर, रजाई एवं एलईडी टीवी जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इसके साथ ही नगर निगम द्वारा शहर के बस स्टैंड एवं जिला अस्पताल परिसर में अलाव की भी व्यवस्था की गई है, जिससे ठंड से राहत मिल सके। इस अभियान में इंजीनियर ब्रजेश पांडेय, सिटी मैनेजर उमेश पयासी सहित नगर निगम के अन्य कर्मचारी सक्रिय रूप से शामिल थे।

Next Post

मुंद्रा वीएलसीसी श्रेणी के विशाल पोत को संभालने वाला देश का पहला बंदगाह बना

Thu Jan 8 , 2026
मुंद्रा (गुजरात), 8 जनवरी (वार्ता) निजी क्षेत्र का समुद्री बंदरगाह मुंद्रा पोर्ट कच्चे तेल की ढुलाई करने वाले बहुत बड़े मालवाहक (वीएलसीसी) श्रेणी के जलयान एमटी न्यू रीनॉन को अपनी जेटी पर प्रवेश देकर देश में ऐसे विशाल जहाजों को माल उतारने की सुविधा देने वाला देश का पहला बंदरगाह […]

You May Like