
मंडला। जिले के तहसील नारायणगंज अंतर्गत ग्राम पंचायत सिकोसी के पोषक ग्राम बोरिया स्थित ग्वारी टोला के ग्रामीण आज भी सड़क और सुरक्षित आवागमन जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित हैं। ग्रामीणों के अनुसार आजादी के बाद से लगातार सड़क एवं पुलिया निर्माण की मांग की जा रही है। इसके लिए ग्राम पंचायत से लेकर तहसील और जिला प्रशासन सहित जनप्रतिनिधियों तक कई बार मांग रखी गई, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
सबसे चिंताजनक स्थिति स्कूली छात्र-छात्राओं की है। शिक्षा के लिए दूसरे स्थानों पर स्थित स्कूलों में जाने वाले बच्चों को रास्ते में नदी पार करनी पड़ती है। बारिश के मौसम में नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण यह आवागमन और भी जोखिमभरा हो जाता है। ग्रामीणों द्वारा उपलब्ध कराए गए फोटो और वीडियो में भी छात्र-छात्राओं सहित अन्य लोग नदी पार करते नजर आ रहे हैं।
बारिश में बढ़ जाता है खतरा
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क और पुल के अभाव का असर केवल आवागमन तक सीमित नहीं है। बच्चों की पढ़ाई, मरीजों को अस्पताल पहुंचाने और रोजमर्रा की जरूरतों के लिए आने-जाने में भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। आपात स्थिति में गांव तक वाहन पहुंचाना भी चुनौती बन जाता है। बारिश के दिनों में नदी का जलस्तर बढ़ने पर ग्रामीणों और विद्यार्थियों के लिए खतरा और बढ़ जाता है।
ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम पंचायत सिकोसी से संबंधित सरकारी पोर्टल पर बोरिया में विभिन्न विकास कार्य दर्ज हैं, लेकिन ग्वारी टोला की लंबे समय से चली आ रही सड़क और पुल की समस्या का अभी तक समाधान नहीं हुआ है।
ग्रामीणों ने की मौके के निरीक्षण की मांग
ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि ग्वारी टोला का मौके पर निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति का जायजा लिया जाए तथा सड़क और आवश्यकतानुसार पुल अथवा पुलिया का निर्माण कराया जाए। ग्रामीणों का कहना है कि बच्चों को रोजाना जान जोखिम में डालकर नदी पार करने की मजबूरी से निजात मिलनी चाहिए।
ग्रामीणों ने कहा कि विकास की योजनाओं का लाभ तभी सार्थक माना जाएगा, जब गांव के अंतिम छोर तक सुरक्षित सड़क और आवागमन की सुविधा पहुंचे। अब ग्रामीणों को उम्मीद है कि उनकी वर्षों पुरानी मांग पर प्रशासन गंभीरता से पहल करेगा और जल्द ही समस्या का स्थायी समाधान होगा।
