शाहगंज। थाना क्षेत्र की 18 वर्षीय लापता युवती का शव औबेदुल्लागंज थाना क्षेत्र के बरखेड़ा जंगल में मिलने से सनसनी फैल गई है. प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग के चलते हत्या का प्रतीत हो रहा है.
बताया जाता है कि गत 8 अक्टूबर को युवती के अचानक लापता हो जाने पर उसके परिजनों ने शाहगंज थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. कल शाम करीब 5 बजे औबेदुल्लागंज थाना क्षेत्र के कैरी स्टॉप डेम के पास एक अज्ञात युवती का शव बरामद हुआ. शव की पहचान के लिए पुलिस ने सोशल मीडिया व सीसीटीएनएस के माध्यम से सूचना प्रसारित की. इसके बाद शाहगंज क्षेत्र के परिजनों ने शव की शिनाख्त 18 वर्षीय युवती के रूप में की.
औबेदुल्लागंज थाना प्रभारी भरत प्रताप सिंह ने बताया कि यह मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है. संदेह के आधार पर आरोपी दीपक गौर उर्फ जस्सी पुत्र रामकेश गौर निवासी पुरानी बस्ती शाहगंज को हिरासत में लिया गया है. आरोपी को औबेदुल्लागंज लाया गया है. जहां उससे पूछताछ जारी है और अग्रिम कार्रवाई की जा रही है. सूत्रों के अनुसार युवती और आरोपी युवक के बीच प्रेम संबंध थे. दोनों को घटना से पहले एक साथ बाइक पर जाते हुए देखा गया था. घटना की गंभीरता को देखते हुए औबेदुल्लागंज थाना पुलिस की टीम ने शाहगंज पहुंचकर जांच शुरू कर दी है. मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आरोपी से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
