शहर की सडक़ों से लापता यातायात पुलिस, हाईवे पर है डेरा

शाजापुर, शहर में इन दिनों यातायात पुलिस को ढूंढना किसी खगोलीय घटना से कम नहीं है. कभी कभार किसी विशेष परिस्थिति में यातायात पुलिस के जवान ट्रैफिक चौराहे पर मिल जाए तो यह किसी चमत्कार से कम नहीं है. जब भी कोई जिले में पुलिस प्रशासन यातायात में नया अधिकारी आता है तो उसकी पहली टैग लाइन रहती है शहर की यातायात व्यवस्था को दुरूस्त करना उसकी पहली प्राथमिकता है. यह संवाद सुनते सुनते शहरवासियों के कान पक चुके हैं. लेकिन आज तक शहर का बदहाल, अव्यवस्थित यातायात कोई नहीं सुधार पाया है. पहले तो कभी यातायात पुलिस नजर आती थी लेकिन अब तो हाल यह है कि शहर की सडक़ोंं से यातायात पुलिस लापता है और हाईवे पर इनका डेरा है. या यूं कहे कि शहर की सडक़ों से यह पुलिस पूरी तरह अदृश्य हो चुकी है.

गौरतलब है कि शाजापुर हाईवे पर रोज जाम की स्थिति है. जाम इसलिए नहीं कि सडक़ निर्माण हो रहा है. जाम का प्रमुख कारण है बिना रोकटोक डंफर, ट्रैक्टर, बसें रोज जाम की स्थिति पैदा कर रही है. वाहन चालकों को पता है कि शहर से यातायात पुलिस लापता है. यदि शहर के सिग्रलों पर यातायात जवान खाली खड़े रहते हैं तो काफी हद तक यातायात सुचारू रूप से चलता रहता है. लेकिन यातायात पुलिस को शहर की चिंता कहां है, उन्हें तो चिंता है हाईवे पर गाडियों के चालान बनाने में. क्योंकि चालान बनाने में ही इन्हें लक्ष्मी दर्शन भी होते रहते हैं.

लगता है पूरा अमला ही हाईवे पर लगा है…

जब भी शहर की यातायात व्यवस्था को सुधारने की बात की जाती है तो यातायात पुलिस के पास सीधा रटा रटाया जवाब है कि स्टॅाफ की कमी है, लेकिन हाईवे पर यह स्टॉफ आपको चालानी कार्रवाई की आड़ में वसूली करता नजर आ जाएगा. शहर से नो एंट्री के बावजूद भी बडे बडे डंफर आसानी से निकलते देख जा सकते हैं. अब देखना यह है कि शहर का यातायात ठीक होता है या ऐसे ही लोगों को जाम दो चार होना पड़ेगा.

शहरवासियों के कान तरस गए यातायात की सिटी सुने

शाजापुर शहर से यातायात के जवान चौराहे से ऐसे गायब हो गए जैसे मानों मप्र सरकार ने यातायात पुलिस को सिस्टम से ही खत्म कर दिया हो. शहरवासियों की आंखे और कान तरस गए हैं, यातायात के जवानों को देखने और उनकी सिटी की आवाज सुनने के लिए. गाडियों की कहीं भी पार्किंग रांग साइड, बीच सडक़ में बस रोककर सवारी उतारना अधिकार हो चला है. या यूं कहें जाम लगना तो रोज का शगुन बन चुका है. आम आदमी बड़ी दयाभाव से नजर फेरता है कि शायद किसी कोने में, पेड की छांया में, गुमटी के पीछे से ट्रैफिक जवान प्रकट हो जाए या उसकी सिटी की आवाज सुनाई दे, लेकिन ऐसा होता नहीं है. यदि आप शाजापुर शहर में चल रहे हैं तो फिर आप भगवान भरोस और खुद की रक्षा स्वयं करें.

एक समय था जब ट्रैफिक छतरी छोडऩे पर जवान पर हो जाती थी कार्रवाई

शाजापुर में एक यह भी समय था जब कोई भी यातायात पुलिस का जवान ट्रैफिक छतरी पर नजर नहीं आता था तो उसके खिलाफ तत्काल कार्रवाई होती थी, लेकिन अब तो ट्रैफिक छतरी और जवानों का मिलन केवल उस समय होता है जब पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी गुजरते हैं या कोई वीआईपी मूवमेंट हो. बाकि समय तो छतरी खुद पुलिस के जवान को खोजती रहती है. अब देखना यह है कि शाजापुर यातायात व्यवस्था और लापता यातायात जवानों को कब शहर के बिगडैल यातायात की याद आती है.

Next Post

एक माह के बच्चे के गले में फंसी सेफ्टी पिन, डॉक्टर ने बचाई जान

Sat Nov 21 , 2026
शाजापुर, सारंगपुर निवासी पति पत्नी अपने बच्चे को गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल लेकर आए थे जिनके सवा माह के बच्चे के गले में सेफ्टी पिन फंस गई थी. परिजनों ने चिकित्सक को परेशानी बताई. जिन्होंने 15 से 20 मीनिट की मशक्कत के बाद लेरिंगो स्कोप से छोटा सा ऑपरेशन […]

You May Like

मनोरंजन