
शाजापुर, सारंगपुर निवासी पति पत्नी अपने बच्चे को गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल लेकर आए थे जिनके सवा माह के बच्चे के गले में सेफ्टी पिन फंस गई थी. परिजनों ने चिकित्सक को परेशानी बताई. जिन्होंने 15 से 20 मीनिट की मशक्कत के बाद लेरिंगो स्कोप से छोटा सा ऑपरेशन कर उसके गले से सेफ्टी पिन निकाल दी. अब बच्चा स्वस्थ है और उसे फिलहाल एहतियात के लिए आईसीयू में रखा गया है.
परिजनों ने बताया कि उन्होंने उसके गले में गोप पहना रखी थी जिसमें सेफ्टी पिन लगा हुआ था. बच्चे के मुंह में गोप चली गई और सेफ्टी पिन खुल जाने से पिन उसके टांसिल तक पहुंच गई थी. परिजन उसे उल्टा रखकर जिला अस्पताल लेकर आए और सीधे डॉ.तेजपालसिंह जादौन से मिले ओैर उन्हें बच्चे की स्थिति से अवगत कराया. इस पर डॉक्टर जादौन ने बिना देर किए बच्चे के गले में दूरबीन से देखा तो पता चला कि पिन बच्चे के टांसिल तक पहुंच गई है जिससे बच्चे को तकलीफ हो रही थी. उन्होंने तुरंत लेरिंगो स्कोप तकनीक की सहायता से बच्चे का ऑपरेशन किया और करीब 15 मीनिट की मशक्कत के बाद पिन को बाहर निकाल दिया. जिससे बच्चे को राहत मिली और परिजनों ने भी राहत की सांस ली. डॉ. जादौन ने बताया कि यदि ज्यादा देर हो जाती तो बच्चे की जान भी जा सकती थी. फिलहाल उसे एहतियात के तौर पर आईसीयू में रखा गया है जहां बच्चा पूरी तरह स्वस्थ है.
