
ग्वालियर। पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने रविवार को ग्वालियर में एनडीए सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार जन अपेक्षाओं एवं हर मुददे पर लगभग फेल रही है। उन्होंने बढ़ती महंगाई, नीट पेपर लीक, डीजल पेट्रोल पर भी सरकार को घेरा। दिग्विजय सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री देशवासियों से सोना न खरीदने की अपील कर रहे है जबकि उनकी सरकार जमकर सोना खरीद रही है।
ग्वालियर में रविवार को पत्रकारों से चर्चा करते हुये पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा की करनी और कथनी में बहुत अंतर है। प्रधानमंत्री अच्छे दिनों की बात तो 12 साल पहले से कर रहे हैं लेकिन वह अच्छे दिनों को लेकर पूरी तरह से असफल नजर आ रहे है। उन्होंने कहा कि नीट की परीक्षा में चार पांच बार पेपर लीक की शिकायतें लगातार भाजपा शासित राज्यों में से आ रही है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017, 2021, 2024 और 2026 में पेपर लीक हुआ और 2025 में हुआ, लेकिन उसे दबा दिया गया। उन्होंने कहा कि संसद की स्टेंडिंग कमेटी का चेयरमैन होने के नाते सभी पक्ष और विपक्ष के सदस्यों के साथ कुछ महत्वपूर्ण सुझाव समिति ने दिये थे, लेकिन मानव संसाधन मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने यह कहकर कि यह कमेटी विपक्ष की है उन सुझावों को अस्वीकार कर दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मांग की है कि या तो वह संसद की समिति को मान्यता देते है तो मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त करें। कांग्रेस पार्टी और उसका सहयोगी छात्र संगठन एनएसयूआई पेपर लीक मामले में देशभर में आंदोलन करते रहेंगे।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री जहां एक ओर जनता से सोना नहीं खरीदने की अपील कर रहे हैं वहीं सरकार विदेशों से सोना आयात कर उसे खरीद रही है। इतना ही नहीं सरकार ने आयात शुल्क को भी 15 प्रतिशत कर दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार जहां सोना व्यापारियों का धंधा चैपट कर रही है वहीं छोटे लोगों को मंगलसूत्र तक नहीं खरीदने दे रही है। इसकी वह घोर निंदा करते है। इस अवसर पर सांसद अशोक सिंह, विधायकगण डा. सतीश सिंह सिकरवार, सुरेश राजे, पूर्व मंत्री भगवान सिंह यादव, लाखन सिंह, एआईसीसी सदस्य रश्मि पवार शर्मा, प्रदेश महासचिव सुनील शर्मा, जिलाध्यक्ष शहर सुरेन्द्र सिंह यादव, ग्रामीण जिलाध्यक्ष प्रभुदयाल जौहरे, पूर्व विधायक मदन कुशवाह, वासुदेव शर्मा आदि मौजूद थे।
*भाजपाई दो सौ वाहनों के काफिले में*
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय ने कहा कि सरकार द्वारा पेट्रोल डीजल की बचत के लिए कहा जा रहा है लेकिन वहीं भाजपा के लोग ही दो दो सौ वाहनों का काफिला लेकर निकल रहे है। इससे गरीब, किसान मजदूर छोटे व्यापारी परेशान है। कई छोटे उद्योग बंद हो गये है और लाखों लोग बेरोजगार हो गये है। सरकार देश में धर्म के नाम पर भावनाओं से नफरत फैला रही है। यह राष्ट्रीय एकता खतरा है। इसकी वह घोर निंदा करते है। विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर द्वारा राजेन्द्र भारती पर तत्काल कार्रवाई करने और विधानसभा सदस्य बीना निर्मला सप्रे पर कोई फैसला नहीं लेने के बारे में पूछे प्रश्न के जबाब में पूर्व सीएम ने कहा कि राजेन्द्र भारती की मां एक एनजीओ चलाती है उस मामले को तूल देकर फैसला किया गया है वहीं निर्मला सप्रे पर आज तक कोई फैसला नहीं लिया यह उनकी दोहरा मापदंड है।
*राज्यसभा जाने का विचार नहीं*
भोजशाला के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि भोजशाला को उमा भारती के समय एक रिपोर्ट में कहा था कि भोजशाला मंदिर के प्रमाण नहीं है। अब फैसला कुछ और आया है। जिससे पूरे देश में तनाव का माहौल पैदा किया जा रहा है। पूर्व सीएम से राज्यसभा में जाने के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि कवह 5 बार विधानसभा अध्यक्ष दो बार ससंद दो बार राज्य सभा सदस्य रहे है अब औरों को भी मौका देना चाहिये। उन्होंने कहा कि उनका राज्यसभा में जाने का कोई विचार नहीं है।
