
नलखेड़ा, विश्व प्रसिद्ध मां बगलामुखी मंदिर परिसर को भव्य धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की महत्वाकांक्षी योजना अब धरातल पर आकार लेने लगी है. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा देवी लोक परियोजना के भूमि पूजन के बाद निर्माण की प्रारंभिक गतिविधियां शुरू हो गई है. परिसर में जमीन समतलीकरण का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है, इसके साथ ही प्रस्तावित निर्माण क्षेत्र में मौजूद पेड़ों को काटकर अलग हटाने का काम भी किया जा रहा है, ताकि निर्माण कार्य के लिए जमीन तैयार की जा सके. लंबे समय से प्रस्तावित इस परियोजना की शुरुआती गतिविधियां जमीन पर दिखाई देने लगी है.
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गत 26 अक्टूबर को नलखेड़ा पहुंचकर मां बगलामुखी मंदिर में दर्शन पूजन किया था. इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां बगलामुखी देवी लोक परियोजना के प्रथम चरण का भूमि पूजन किया था. इस दौरान मुख्यमंत्री ने गैंती चलाकर निर्माण कार्यों का शुभारंभ भी किया था. परियोजना के प्रथम चरण में करीब 85 करोड़ 40 लाख रुपये की लागत से विकास एवं निर्माण कार्य प्रस्तावित है. लगभग 55 एकड़ क्षेत्र में विकसित होने वाले इस भव्य धार्मिक परिसर के लिए अब जमीन को निर्माण के अनुरूप तैयार किया जा रहा है.
धार्मिक पर्यटन के नक्शे पर मिलेगी नलखेड़ा को नई पहचान
मां बगलामुखी मंदिर देशभर के श्रद्धालुओं और साधकों की आस्था का प्रमुख केंद्र है. यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन और हवन अनुष्ठान के लिए पहुंचते हैं. नवरात्रि, गुप्त नवरात्रि और विशेष पर्वों पर श्रद्धालुओं की संख्या बढऩे से मौजूदा व्यवस्थाओं पर दबाव भी बढ़ जाता है. ऐसे में देवी लोक परियोजना पूरी होने के बाद मंदिर परिसर में दर्शन, पार्किंग, धार्मिक अनुष्ठान और अन्य सुविधाओं का विस्तार होगा. इससे नलखेड़ा को प्रदेश के प्रमुख धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में नई पहचान मिलने के साथ स्थानीय व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है. फिलहाल जमीन समतलीकरण और पेड़ों को हटाने का काम शुरू होने के साथ परियोजना ने शुरुआती निर्माण प्रक्रिया की ओर कदम बढ़ा दिए हैं. अब श्रद्धालुओं और नगरवासियों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि निर्माण कार्य कितनी तेजी से आगे बढ़ता है और मां बगलामुखी देवी लोक का भव्य स्वरूप कब तक धरातल पर दिखाई देने लगता है.
108 फीट ऊंचा होगा मंदिर का शिखर
देवी लोक परियोजना के प्रथम चरण में मुख्य मंदिर का स्वरूप भव्य बनाया जाएगा. इसमें मंदिर का मुख्य शिखर 108 फीट ऊंचा होगा. करीब 2800 वर्गमीटर क्षेत्र में मुख्य मंदिर के गर्भगृह और ऊपरी संरचना का निर्माण किया जाएगा. मंदिर पर पत्थरों की क्लैडिंग के साथ कॉरिडोर और प्रांगण का विकास भी किया जाएगा. धार्मिक अनुष्ठानों और वैदिक यज्ञों के लिए 220 यज्ञशालाएं विकसित की जाएंगी. इसके अलावा 625 वर्गमीटर क्षेत्र में गौशाला, वीवीआईपी भवन और परिसर की सुरक्षा के लिए बाउंड्रीवॉल का निर्माण प्रस्तावित है.
श्रद्धालुओं के लिए विकसित होगी आधुनिक सुविधाएं
परियोजना में श्रद्धालुओं की सुविधाओं को भी विशेष प्राथमिकता दी गई है. परिसर में चार भव्य प्रवेश द्वार बनाए जाएंगे. चारपहिया वाहनों और बसों के लिए अलग.अलग पार्किंग व्यवस्था विकसित होगी. प्रसाद काउंटर, शू स्टैंड, मोबाइल डिपॉजिट जोन, हैंडवॉश सुविधा, शौचालय ब्लॉक और आंतरिक सडक़ों का निर्माण भी योजना में शामिल है. इसके साथ ही लखुंदर नदी के तटों का विकास, घाट निर्माण, विद्युत व्यवस्था, अग्निशमन व्यवस्था और परिसर का सौंदर्यीकरण किया जाएगा.
