भैरुंदा। नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) द्वारा नर्मदा नदी में रेत खनन पर प्रतिबंध लगाए जाने के बावजूद भैरुंदा क्षेत्र में अवैध उत्खनन थमने का नाम नहीं ले रहा है. रेत माफिया लगातार नदी से अवैध रूप से रेत निकाल रहे हैं. इस पर शिकंजा कसते हुए खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम टिगाली स्थित नर्मदा तट से अवैध खनन में उपयोग की जा रही तीन पनडुब्बी मशीनें जब्त की हैं. पिछले तीन दिनों में खनिज विभाग द्वारा 5 जेसीबी, एक पोकलैंड मशीन और 4 ट्रैक्टर-ट्रॉली पर भी कार्रवाई की जा चुकी है.
खनिज विभाग की लगातार सख्ती के बावजूद भैरुंदा क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन रुकने का नाम नहीं ले रहा है. एनजीटी के स्पष्ट प्रतिबंध के बावजूद नर्मदा नदी से अवैध रूप से रेत निकाली जा रही है. इसी कड़ी में सहायक खनिज अधिकारी राजकुमार बराठे के नेतृत्व में खनिज विभाग की टीम ने ग्राम टिगाली स्थित नर्मदा तट पर दबिश देकर अवैध उत्खनन में लगी तीन पनडुब्बी मशीनें जब्त कीं. कार्रवाई के बाद क्षेत्र के रेत कारोबारियों में हड़कंप मच गया.
जानकारी के अनुसार खनिज विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि प्रतिबंध के बावजूद नर्मदा नदी में पनडुब्बी मशीनों की मदद से बड़े पैमाने पर रेत निकाली जा रही है. सूचना की पुष्टि होने पर विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए तीनों मशीनों को जब्त कर लिया. विभाग ने संबंधित प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है. खनिज विभाग की यह कार्रवाई किसी एक दिन तक सीमित नहीं है. पिछले तीन दिनों के भीतर विभाग ने अवैध खनन के खिलाफ अभियान चलाकर 5 जेसीबी मशीनें, एक पोकलेन मशीन और रेत से भरी 4 ट्रैक्टर-ट्रॉली भी जब्त की हैं.
बेखौफ रेत माफिया रेत के दोहन में लगा
एनजीटी द्वारा पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए नर्मदा नदी में रेत उत्खनन पर रोक लगाई गई है. कलेक्टर बालागुरू के ने भी अवैध खनन पर सख्ती बरतने के निर्देश दिए हैं. इसके बावजूद अवैध खनन जारी रहने से नदी के प्राकृतिक स्वरूप और पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पडऩे की आशंका बनी हुई है. यही कारण है कि खनिज विभाग लगातार निगरानी बढ़ाते हुए अलग-अलग स्थानों पर दबिश दे रहा है.
विभाग की मुहिम सतत जारी रहेगी
कलेक्टर बालागुरू के. के निर्देशानुसार अवैध रेत उत्खनन करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा. नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति या गिरोह को बख्शा नहीं जाएगा। विभाग की टीम नियमित गश्त कर रही है और जहां भी अवैध खनन की सूचना मिलेगी, वहां हमारे द्वारा तत्काल कार्रवाई की जाएगी.
राजकुमार बराठे,
सहायक खनिज अधिकारी
