आर्यमन पहुंचे अपोलो अस्पताल, चेकअप के बाद दिल्ली रवाना

ग्वालियर। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के पुत्र और एमपीसीए के अध्यक्ष महाआर्यमन सिंधिया आज ग्वालियर के अपोलो अस्पताल में मेडिकल जांच के लिए पहुंचे। जांच के बाद वे दिल्ली रवाना हो गए। उन्हें एक दिन पहले शिवपुरी में रोड शो के दौरान सीने में चोट लगी थी।

यह घटना शिवपुरी जिले के कोलारस में हुई, जहां महानआर्यमन एक क्रिकेट टूर्नामेंट में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम के समापन के बाद, वे जनता का अभिवादन करने के लिए अपनी कार के सनरूफ पर खड़े थे। इसी दौरान अचानक कार के ब्रेक लगने से उनकी छाती सनरूफ से टकरा गई, जिससे उन्हें चोट आई।

चोट लगने के बाद वे कुछ देर के लिए कार के अंदर चले गए, लेकिन फिर से अभिवादन करने के लिए सनरूफ पर खड़े हो गए। हालांकि, पिछोर कार्यक्रम के बाद चंदेरी जाते समय उन्हें तेज दर्द महसूस हुआ। इसके बाद उन्हें शिवपुरी जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने उनका परीक्षण किया और मसल्स इंजरी होना बताया था।

सीटी स्कैन सहित अन्य जांचें हुईं

आज शिवपुरी से ग्वालियर आने के बाद महाआर्यमन सिंधिया अपोलो अस्पताल पहुंचे। यहां उनकी सीटी स्कैन सहित अन्य आवश्यक जांचें की गईं। अस्पताल के बाहर उनके समर्थक भी बड़ी संख्या में मौजूद थे।जांच के बाद जब वे अस्पताल से बाहर निकले तो दर्द के कारण असहज दिखाई दिए। आमतौर पर वे सार्वजनिक कार्यक्रमों में समर्थकों का अभिवादन करते हैं, लेकिन इस बार ऐसा नहीं कर पाए। अस्पताल में चेस्ट फिजिशियन ने जांच के बाद उन्हें स्वास्थ्य संबंधी कुछ विशेष सलाह भी दी है। उनकी चोट कितनी गहरी है और वे कब तक पूरी तरह स्वस्थ होंगे, यह अभी स्पष्ट नहीं है।

 

Next Post

बघेल ने रायपुर सेंट्रल जेल में बंद पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा से मुलाकात की

Tue Jan 6 , 2026
रायपुर,06 जनवरी (वार्ता) छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मंगलवार को रायपुर सेंट्रल जेल में बंद पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा से मुलाकात की है। लखमा शराब घोटाले के आरोपी के तौर पर जेल में बंद हैं, इसी मामले में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल को […]

You May Like