कोलकाता, (वार्ता) कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने 2025 टाटा इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) से पहले ओटिस गिब्सन को सहायक कोच के रूप में नियुक्त करने की घोषणा की।
बारबाडोस के पूर्व तेज गेंदबाज के नाम 650 से अधिक प्रथम श्रेणी विकेट हैं। ओटिस ने कोच के रूप में अपनी यात्रा शुरू करने से पहले 1995-1999 तक टेस्ट और वनडे दोनों में वेस्टइंडीज का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने इंग्लैंड क्रिकेट टीम के गेंदबाजी कोच के रूप में दो कार्यकाल 2007-10 और 2015-17 पूरे किए हैं।
उन्होंने 2010-14 तक वेस्टइंडीज के मुख्य कोच के रूप में कार्य किया। उनके कार्यकाल के दौरान, टीम ने 2012 में श्रीलंका में अपना पहला आईसीसी विश्व टी 20 खिताब जीता। वह 2017-2019 तक दक्षिण अफ्रीकी टीम के मुख्य कोच बने और तब से टी20 फ्रैंचाइज़ सर्किट में कई कोचिंग पदों पर रहे।
ओटिस केकेआर में एक मजबूत सहयोगी स्टाफ इकाई में शामिल हो गए हैं, जिसमें मेंटर ड्वेन ब्रावो, मुख्य कोच चंद्रकांत पंडित, गेंदबाजी कोच भरत अरुण, स्पिन-गेंदबाजी कोच कार्ल क्रो और अन्य शामिल हैं।
