
नई दिल्ली, 28 अक्टूबर 2025: रूस ने 21 अक्टूबर को अपनी अत्याधुनिक परमाणु-सक्षम क्रूज मिसाइल ‘बुरेवेस्तनिक’ का सफल परीक्षण किया है, जिसके बाद दुनियाभर के देशों में हड़कंप मच गया। रूसी सेना के चीफ ऑफ जनरल स्टाफ वैलेरी गेरासिमोव ने इसे ‘मल्टी-ऑवर उड़ान में पूरी तरह सफल’ बताया। दावा किया जा रहा है कि यह मिसाइल 14,000 किलोमीटर से भी अधिक दूरी तक वार करने में सक्षम है और इसे न्यूक्लियर पावर से संचालित किया जाता है।
इस मिसाइल परीक्षण के तुरंत बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस को यूक्रेन युद्ध समाप्त करने की सलाह दी। उन्होंने कहा, “उन्हें इस युद्ध को बहुत पहले खत्म कर देना चाहिए था।” ट्रंप ने रूस को नसीहत देते हुए कहा कि पुतिन को ऐसा कदम उठाना उचित नहीं होगा और अमेरिका रूस की आक्रामक नीतियों पर नजर बनाए हुए है।
विश्लेषकों का मानना है कि बुरेवेस्तनिक का सफल परीक्षण अमेरिका और नाटो देशों के लिए रणनीतिक चिंता का विषय बन सकता है। यह मिसाइल लंबी दूरी तक कम ऊँचाई पर उड़ान भर सकती है, जिससे इसे ट्रैक करना मुश्किल हो जाता है। रक्षा विशेषज्ञों के मुताबिक, रूस इस तकनीक के जरिए पश्चिमी देशों पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहा है। यूक्रेन ने इसे युद्ध को और खतरनाक दिशा में ले जाने वाला कदम बताया है।
