भोपाल: सशस्त्र सीमा बल अकादमी भोपाल में आज 28 अक्टूबर को 63वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उपमहानिरीक्षक (कार्यवाहक निदेशक) बी.एस. जसवाल ने गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण किया और संबोधन में बल के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि अकादमी की स्थापना 1963 में महाबलेश्वर में हुई थी और वर्तमान में यह भोपाल में 2017 से संचालित है।
श्री जसवाल ने बताया कि अकादमी ने राष्ट्रीय सुरक्षा और सेवा में उत्कृष्ट योगदान दिया है। बल के कर्मी सीमाओं से लेकर नक्सल व आतंक प्रभावित क्षेत्रों में अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। खेलों में भी अकादमी की टीमें 454 स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीत चुकी हैं। समारोह में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों और पुरस्कार वितरण का आयोजन हुआ।
