नवविवाहिता और पेंटर ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

इंदौर: दीपावली की खुशियों के बीच तीन परिवारों में मातम छा गया. शहर में एक नवविवाहिता समेत तीन लोगों ने अलग-अलग घटनाओं में आत्महत्या कर ली. नवविवाहिता की मौत के मामले में मायके पक्ष का आरोप है कि लक्ष्मी पूजा के बाद नवविवाहिता को ससुराल वालों ने दहेज के लिए पीटा था. अगले ही दिन उसकी मौत की खबर मिली. पुलिस तीनों ही मामलों में जांच कर रही है.लक्ष्मी पूजा के अगले ही दिन शहर में आत्महत्या की तीन घटनाओं ने सबको स्तब्ध कर दिया. पहली घटना आजाद नगर थाना क्षेत्र की है, जहां मूसाखेड़ी निवासी 22 वर्षीय रोशनी पति आनंद ने फांसी लगाकर जान दे दी.

मृतका के पिता हरिप्रसाद और मां ने पुलिस को बताया कि रोशनी तीन माह की गर्भवती थी और ससुराल पक्ष दहेज में नगद राशि और गाड़ी की मांग कर उसे लगातार प्रताड़ित करता था. लक्ष्मी पूजा की रात पूजन के बाद उसके पति, सास और ससुर ने झगड़ा कर उसके साथ मारपीट की थी. अगले दिन सुबह बेटी की मौत की सूचना मिली. परिजनों का आरोप है कि या तो रोशनी ने प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या की या फिर ससुराल वालों ने उसकी हत्या कर फंदे पर लटका दिया. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. इसी तरह रावजी बाजार थाना क्षेत्र में जबरन कॉलोनी निवासी सोनू पिता दुर्गाप्रसाद ने भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. वह पेंटर था और नशे का आदी बताया गया है. परिजनों ने किसी विवाद से इनकार किया है.

युवक ने खाया जहरीला पदार्थ
तीसरी घटना द्वारकापुरी थाना क्षेत्र की है, जहां अजय नामक युवक ने जहरीला पदार्थ खा लिया. उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. पुलिस को अभी आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चला है. तीनों ही मामलों में पुलिस जांच कर रही है.

Next Post

देवास विधायक की पलासिया स्थित जमीन का तीन माह में फैसला करे निगम

Thu Oct 23 , 2025
इंदौर: नगर निगम ने देवास की विधायक एवं महारानी गायत्री देवी पंवार के आधिपत्य का इंदौर के पलासिया क्षेत्र स्थित 35 हजार वर्गफीट के प्लॉट का लगभग 29 वर्ष से बकाया संपत्ति कर जमा करवाया है. संपत्ति कर की उक्त राशि का भुगतान करने के बाद मामला हाईकोर्ट चला गया. […]

You May Like