नयी दिल्ली, 08 सितंबर (वार्ता) आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को कहा कि पंजाब की आप सरकार ने बाढ़ की त्रासदी से जूझ रहे लोगों के लिए खजाना खोल दिया है।
श्री केजरीवाल ने आज कहा कि आज तक देश की किसी भी राज्य सरकार ने अपने लोगों के लिए इतने बड़े ऐलान नहीं किए। अस्पताल में बीमार हालत में भी पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को पंजाबियों की चिंता है। उन्होंने अपने एलान में सबका ख्याल रखा है।
उन्होंने कहा “पंजाब पर कुदरत की बहुत बड़ी मार पड़ी है। ऐसे समय में पंजाबियों ने हौसले, हिम्मत, भाईचारे और निस्वार्थ सेवा की मिसाल दी है। आप के सभी नेता और कार्यकर्ता भी लोगों के बीच कई दिनों से रात दिन सेवा कर रहे हैं। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान साहब ने लोगों को बाढ़ से राहत दिलाने के लिए कई बड़े ऐलान किए हैं। ये ऐलान ऐतिहासिक हैं। आज तक देश की किसी भी सरकार ने अपने लोगों के लिए इतने बड़े ऐलान नहीं किए। पंजाब का ख़ज़ाना बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए खोल दिया गया है।” उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता को ये सुनिश्चित करना है कि कैसे भगवंत मान का हर ऐलान जनता तक पहुंचे। ये पुण्य का काम है। सब लोग पीड़ितों की खूब सेवा करें।”
इस बीच आप के वरिष्ठ नेता एवं पंजाब के प्रभारी मनीष सिसोदिया ने भी बाढ़ पीड़ितों के लिए श्री मान के ऐतिहासिक एलान की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा “पंजाब के हरमन प्यारे मुख्यमंत्री भगवंत मान आज फिर पंजाबियों के सच्चे हमदर्द बनकर सामने आए हैं।अस्पताल में रहते हुए भी उनके दिल में सिर्फ़ एक ही चिंता रही कि पंजाब में आई बाढ़ से उपजे हालातों में अपने लोगों का दुख कैसे कम किया जाए।”
उन्होंने कहा “श्री मान ने आज जो ऐतिहासिक फ़ैसले बाढ़ पीड़ितों के लिए लिए हैं, वैसा देश के इतिहास में शायद ही किसी सरकार ने किया हो। मक़सद एक ही है- हर घर, हर किसान, हर मज़दूर को राहत पहुंचे। ये है पंजाब के बेटे का अपने परिवार के लिए अटूट प्यार और सेवा का भाव।”
उल्लेखनीय है कि पंजाब के मुख्यमंत्री ने बाढ़ पीड़ितों के लिए कई बड़ी घोषणाएं की। इन घोषणाओं के मुताबिक, 20 हजार रुपए प्रति एकड़ मुआवजा किसानों को मिलेगा, जिसका चेक सीधे उनके हाथ में सौंपा जाएगा। बाढ़ से मरने वाले लोगों के परिवार को चार लाख रुपए दिए जाएंगे, सर्वे करके घरों के नुकसान की भरपाई की जाएगी। बाढ़ पीड़ित किसानों की को-ऑपरेटिव सोसाइटी और एग्रीकल्चर बैंकों से लिए गए कर्ज की किश्त छह महीने टाल दी गई है और पशुओं के नुकसान पर सहायता राशि दी जाएगी।

