नयी दिल्ली, 08 सितंबर (वार्ता) आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता एवं सांसद संजय सिंह ने बाढ़ का जायजा लेने मंगलवार को पंजाब जा रहे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से बड़े राहत पैकेज का एलान करने की मांग की है।
श्री सिंह ने सोमवार को कहा कि बाढ़ के कारण बड़े स्तर पर फसलों, मकानों, दुकानों, मवेशियों का नुकसान हुआ है। लिहाजा, मोदी सरकार को तत्काल पंजाब के हक के 60 हजार करोड़ और 20 हजार करोड़ का राहत पैकेज जारी कर देना चाहिए। संकट की घड़ी में आप की सरकार के मंत्री, विधायक और पार्टी के कार्यकर्ता बाद पीड़ितों की सेवा में दिन-रात जुटे हैं। केंद्रीय कृषि मंत्री पंजाब आए और फोटो खिंचवाकर चले गए। पंजाब को उम्मीद है कि प्रधानमंत्री बड़े राहत पैकेज की घोषणा करेंगे।
आप नेता ने कहा , “मैने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और उनके परिवार के लोगों से मुलाकात की है। श्री मान की स्थिति पहले से काफी बेहतर है और उनका स्वास्थ्य काफी अच्छा है। पूरी बातचीत के दौरान पंजाब में जो बाढ़ की स्थिति है उसके बारे में चर्चा करते रहे। जल्द ही वह स्वस्थ होकर अस्पताल से बाहर आ जाएंगे और फिर लोगों की सेवा में जुड़ेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री पंजाब आ रहे हैं। उन्हें पंजाब के लिए एक बड़े राहत का पैकेज एलान करना चाहिए। क्योंकि बड़े पैमाने पर फसलों, मकानों, दुकानों, मवेशियों का नुकसान हुआ है। पंजाब के हक का जीएसटी व रूरल डेवलपमेंट फंड का 60 हजार करोड़ रुपए केंद्र के पास बकाया है। मैं उम्मीद करता हूं कि मंगलवार को प्रधानमंत्री का दौरा मात्र दौरा नहीं रहेगा बल्कि पंजाब के लिए राहत का पैकेज देकर जाएंगे।”
उन्होंने कहा कि पंजाब वह सूबा है जहां से लोगों ने पूरी दुनिया में जब भी कभी कोई त्रासदी, आपदा, भूकंप या तूफान आया तो मदद के लिए सबसे पहले लंगर लगाकर सेवा करने का काम किया है। आज पंजाब को मदद की जरुरत है तो केंद्र सरकार को पूरा सहयोग करना चाहिए।

