व्यापार, एआई और ताइवान तनाव के बीच ट्रंप करेंगे शी का स्वागत

वाशिंगटन, 23 सितंबर (वार्ता) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्यापार, एआई और ताइवान तनाव के बीच बुधवार को चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग का वाशिंगटन में स्वागत करेंगे।
तीन दिवसीय इस राजकीय यात्रा के दौरान दुनिया की दो सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के नेताओं के बीच व्यापार, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), ताइवान और अमेरिका-चीन संबंधों की दिशा प्रमुख मुद्दे रहने की उम्मीद है।

श्री शी आज ज्वाइंट बेस एंड्रयूज पहुंचेंगे। तीन दिवसीय यह यात्रा श्री ट्रंप के निमंत्रण पर हो रही है। गुरुवार को व्हाइट हाउस में औपचारिक स्वागत समारोह आयोजित किया जायेगा, जिसमें सैन्य विमान फ्लाईओवर और सैनिकों का निरीक्षण शामिल होगा। इसके बाद राजकीय रात्रिभोज होगा।

करीब एक दशक में श्री शी की यह पहली आधिकारिक अमेरिका यात्रा है। दूसरे कार्यकाल के लिए राष्ट्रपति पद संभालने के बाद श्री ट्रंप के साथ उनकी यह तीसरी आमने-सामने की बैठक होगी।

यह उच्चस्तरीय यात्रा ऐसे समय हो रही है जब अक्टूबर 2025 में हुआ अमेरिका-चीन व्यापार समझौता नवंबर में समाप्त होने वाला है। समझौते के तहत अमेरिका ने चीनी वस्तुओं पर प्रस्तावित अतिरिक्त शुल्क बढ़ोतरी रोक दी थी, जबकि चीन ने वैश्विक विनिर्माण के लिए महत्वपूर्ण दुर्लभ खनिजों और अन्य सामग्रियों के निर्यात पर लगाए गए प्रतिबंधों में ढील दी थी।

अमेरिका और चीन के अधिकारियों ने मंगलवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा से इतर व्यापार मुद्दों पर बातचीत की। इसमें गैर-टैरिफ व्यापार संबंधी मुद्दों और कृषि उत्पादों के निर्यात पर चर्चा हुई। वार्ता में कोई बड़ी सफलता नहीं मिली, लेकिन शी के वाशिंगटन पहुंचने के बाद बातचीत जारी रहने की उम्मीद है।

चीन दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के साथ एक प्रमुख प्रौद्योगिकी शक्ति के रूप में भी उभरा है। चीन में विकसित एआई मॉडल सिलिकॉन वैली की तकनीकी क्षमता के करीब पहुंच रहे हैं, जबकि बीजिंग स्थित अंतरिक्ष कंपनियां पुन: प्रयोज्य रॉकेट विकसित कर रही हैं और स्पेसएक्स को चुनौती देने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।

व्यापार वार्ता में भी प्रमुख मुद्दा बना रहने की संभावना है। श्री ट्रंप चीन के साथ अमेरिका के व्यापार घाटे को लेकर लगातार चिंता जताते रहे हैं। अमेरिकी जनगणना ब्यूरो के नवीनतम आंकड़ों के अनुसार यह घाटा 91 अरब डॉलर से अधिक है। पिछले वर्ष हुए समझौते के बावजूद अमेरिका को चीन से दुर्लभ खनिजों का निर्यात भी पहले के स्तर से कम बना हुआ है। कृत्रिम बुद्धिमत्ता भी वार्ता का एक महत्वपूर्ण मुद्दा रहने की उम्मीद है। दोनों देश इस क्षेत्र में तकनीकी नेतृत्व हासिल करने के लिए प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं।

अमेरिका के वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट और चीन के उप प्रधानमंत्री हे लिफेंग ने रविवार को हुई बातचीत में व्यापार और एआई पर भी चर्चा की थी। श्री बेसेंट ने इन वार्ताओं को “बहुत सफल” बताया था।

ताइवान चीन के लिए संवेदनशील मुद्दा बना हुआ है। अमेरिकी कांग्रेस ने ताइवान के लिए अरबों डॉलर के हथियारों की बिक्री को मंजूरी दी है और अब इस पर राष्ट्रपति ट्रंप के हस्ताक्षर होने बाकी हैं। चीन ताइवान को अपना हिस्सा मानता है और एकीकरण के लिए बल प्रयोग की संभावना से इनकार नहीं करता है।

श्री शी ऐसे समय वाशिंगटन पहुंच रहे हैं जब चीन ने 2017 में श्री ट्रंप के साथ पिछली अमेरिका यात्रा के दौरान की स्थिति की तुलना में प्रौद्योगिकी और विनिर्माण के क्षेत्र में अपनी क्षमताओं का विस्तार किया है।

चीन ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता, रोबोटिक्स, इलेक्ट्रिक वाहन, नवीकरणीय ऊर्जा, चिप और अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में अपनी क्षमताएं बढ़ायी हैं तथा अमेरिकी बाजार पर अपनी निर्भरता कम की है। महत्वपूर्ण आपूर्ति शृंखलाओं पर चीन के नियंत्रण ने भी अमेरिका के साथ बातचीत में उसे महत्वपूर्ण प्रभाव दिया है।

चीन को घरेलू आर्थिक चुनौतियों का भी सामना करना पड़ रहा है। इनमें कमजोर उपभोक्ता मांग, संपत्ति क्षेत्र की समस्याएं, स्थानीय सरकारों पर कर्ज और युवाओं में बेरोजगारी की ऊंची दर शामिल हैं। चीनी अधिकारियों ने अमेरिका के साथ आर्थिक और तकनीकी संबंधों में अधिक स्थिरता और पूर्वानुमेयता की आवश्यकता पर जोर दिया है। अमेरिका में चीन के राजदूत श्ये फेंग ने कहा है कि ताइवान, लोकतंत्र और मानवाधिकार, चीन की राजनीतिक व्यवस्था तथा उसके विकास के अधिकार बीजिंग के लिए “लाल रेखाएं” हैं।

मतभेदों के बावजूद दोनों पक्षों के हित अमेरिका-चीन के व्यापार और तकनीकी विवादों में फिर से तनाव बढ़ने से रोकने में हैं। श्री शी की यात्रा शुक्रवार को श्री ट्रंप और प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप के साथ निजी चाय के बाद समाप्त होगी। इसके बाद वह नेशनल आर्काइव्स का दौरा करेंगे।

Next Post

त्यौहारों के दृष्टिगत खाद्य सामग्री की गुणवत्ता जांच के लिए संयुक्त दल गठित कर कार्रवाई के निर्देश

Wed Sep 23 , 2026
आलीराजपुर, आगामी त्यौहारों एवं लोक स्वास्थ्य को दृष्टिगत मिलावटी खाद्य एवं पेय सामग्री के निर्माण, भंडारण, विक्रय एवं उपयोग पर प्रभावी रोकथाम के लिए जिला स्तरीय सलाहकार समिति की बैठक कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा वर्ष 2025-26 एवं वर्ष […]

You May Like