
रीवा, टीआरएस महाविद्यालय में आज भाजपा द्वारा आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ कार्यक्रम को लेकर जमकर विरोध देखने को मिला. एनएसयूआई ने आरोप लगाया कि शिक्षा के मंदिर को भाजपा राजनीतिक कार्यालय के रूप में इस्तेमाल करना चाहती है, जो पूरी तरह गलत है.
एनएसयूआई जिलाध्यक्ष पंकज उपाध्याय ने कहा कि महाविद्यालय के प्राचार्य द्वारा छात्रों से संवाद के नाम पर पत्र जारी किया गया, लेकिन सत्ता के दबाव में प्राचार्य से लेकर प्रोफेसरों और शिक्षकों के माध्यम से छात्र-छात्राओं को जबरन कार्यक्रम में बैठाए जाने का आरोप सामने आया.
उन्होंने आगे आरोप लगाया कि जब टीआरएस महाविद्यालय के ही छात्र एवं एनएसयूआई के छात्र नेता उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला से मुलाकात कर छात्रहित के मुद्दों पर सवाल पूछने पहुंचे, तो पुलिस प्रशासन ने एनएसयूआई के छात्र नेताओं को करीब 5 घंटे तक महाविद्यालय परिसर के एक प्रांगण में रोके रखा. एनएसयूआई का कहना था कि जब देश और प्रदेश में भाजपा की डबल इंजन सरकार है, तो लोकतंत्र बचाने और अराजकता हटाने की आवश्यकता क्यों पड़ रही है? एनएसयूआई के कार्यकर्ता उप मुख्यमंत्री से मिले और छात्र संघ चुनाव सहित कई मुद्दों पर चर्चा भी की.
