विद्यार्थी समाजोपयोगी नवाचार करें : मंत्री परमार

मंदसौर। युवाओं को भविष्य की सकारात्मक सोच के साथ समाज के हित में नवाचार करना चाहिए। ऐसे प्रयास करें, जिससे लोगों के जीवन में सरलता आए और खुशहाली बढ़े। यह बात प्रदेश के उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री इंदरसिंह परमार ने धर्मराजेश्वर मंदिर परिसर, चंदवासा में आयोजित भारतीय राष्ट्रीय युवा संसद अधिवेशन के समापन कार्यक्रम में कही।

मंत्री परमार ने कहा कि सभी भाषाओं का सम्मान करना चाहिए। जल और बिजली की बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण पर भी ध्यान देना जरूरी है। उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण करने का आह्वान किया। उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना और गरीबों के जीवन में बदलाव लाना सरकार का लक्ष्य है।

कार्यक्रम में योग आयोग के अध्यक्ष राघवेंद्र शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गा विजय पाटीदार, सुवासरा विधायक हरदीपसिंह डंग, गरोठ विधायक चंदर सिंह सिसोदिया सहित जनप्रतिनिधि एवं अन्य अतिथि उपस्थित रहे। युवा संसद के प्रतिभागियों ने मंत्री परमार से विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे, जिनका उन्होंने जवाब दिया। इस दौरान युवाओं से संवाद भी किया गया।

कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने योगाभ्यास किया। मंत्री एवं जनप्रतिनिधियों ने भगवान धर्मराजेश्वर के दर्शन कर पूजा-अर्चना की तथा भीम गुफा का अवलोकन किया। आयुष विभाग की प्रदर्शनी देखने के साथ परिसर में पौधारोपण भी किया गया। लोकगीत एवं लोकसंगीत की प्रस्तुति के बाद राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के साथ अधिवेशन का समापन हुआ।

Next Post

उप मुख्यमंत्री ने बिछिया सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का किया उद्घाटन

Mon Nov 2 , 2026
रीवा,  उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने बिछिया ट्रीटमेंट प्लांट का उद्घाटन किया. इसकी कुल लागत 7.58 करोड़ रुपए है. इसकी क्षमता 6.5 एमएलडी पानी के शोधन की है. इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि रीवा तेजी से विकास कर रहा है. रीवा शहर को स्वच्छ बनाने के लिए […]

You May Like