
टीकमगढ़। शहर के अस्पताल तिराहा और चकरा तिराहे पर लगातार बढ़ रहे ट्रैफिक दबाव और सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाने की तैयारी कर ली है। गुरुवार को एसडीएम संस्कृति-मुदित लिटौरिया के नेतृत्व में प्रशासनिक अमले ने दोनों तिराहों का निरीक्षण कर सड़क चौड़ीकरण की कार्ययोजना बनाई।
निरीक्षण से पहले सर्किट हाउस में संबंधित विभागों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें तहसीलदार सत्येन्द्र सिंह गुर्जर, नगर पालिका इंजीनियर दीपक विश्वकर्मा, पीडब्ल्यूडी एसडीओ पीके जैन, यातायात प्रभारी कैलाश पटेल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। बैठक के बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर अस्पताल तिराहा और चकरा तिराहे पर मौजूद अवैध अतिक्रमण को चिह्नित किया।
तहसीलदार सत्येन्द्र सिंह गुर्जर ने बताया कि सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में सामने आया था कि इन दोनों तिराहों पर सबसे अधिक सड़क दुर्घटनाएं होती हैं, जिनमें कई लोगों की जान जा चुकी है। इसी को ध्यान में रखते हुए यहां विशेष रणनीति बनाकर हादसों पर रोक लगाने का निर्णय लिया गया है।
एसडीएम संस्कृति लिटौरिया ने बताया कि अस्पताल तिराहे पर अस्थायी अतिक्रमण हटाया जाएगा और जरूरत पड़ने पर फुटपाथ हटाकर सड़क को चौड़ा किया जाएगा, ताकि वाहनों की आवाजाही सुगम हो सके। उन्होंने कहा कि यह मामला सीधे लोगों की जान से जुड़ा है, इसलिए इसे गंभीरता से लिया जा रहा है।
प्रशासनिक अमले द्वारा तैयार की गई निरीक्षण रिपोर्ट कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय के समक्ष प्रस्तुत की जाएगी। कलेक्टर के निर्देश मिलने के बाद आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। स्थानीय राहगीरों का भी मानना है कि दोनों तिराहों का चौड़ीकरण जरूरी है, जिससे ट्रैफिक व्यवस्था सुधरे और सड़क हादसों पर प्रभावी रोक लग सके।
