जबलपुर: अधारताल थाना अंतर्गत अमखेरा में रविवार रात्रि शराब के नशे में धुत एक बेलगाम कार चालक ने राहगीरों और दोपहिया वाहन सवारों को कुचल दिया। इस भीषण सडक़ हादसे में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं। जिनमें से दो की हालत नाजुक बताई जा रही है। हादसे से गुस्साएं लोगों ने कार में तोडफ़ोड़ भी कर दी साथ ही कार मालिक की पिटाई कर दी जबकि कार चालक मौके से भाग निकला। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची और आक्रोशित जनों को समझाइश देते हुए उन्हें शांत कराया। साथ ही घायलों को तत्काल उपचार के लिए भिजवाते हुये कार जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
ये है घटनाक्रम-
अधारताल थाना प्रभारी प्रवीण कुमार कुमरे ने जानकारी देते हुए बताया कि कार क्रमांक एमपी 20 एक्स बी 7706 खजरी खिरिया की ओर जा रही थी। जैसे ही कार अमखेरा के पास पहुँची, नशे में धुत चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और राहगीरों को टक्कर मा दी। हादसे मेें आधा दर्जन लोग घायल हुए है। घायल रोहित रजक, शकील अहमद समेत अन्य को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुँचाया। घायलों में से दो लोगों की हालत नाजुक बनी हुई है, जिनका सघन उपचार जारी है। प्राथमिक जाँच में पाया गया कि चालक शराब के नशे में धुत था, जिसके कारण वह वाहन को नियंत्रित नहीं कर सका। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जाँच कर रही है।
बेेकाबू रफ्तार: जो सामने आया चपेट में आया गया-
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि जो भी सामने आया, वह उसकी चपेट में आता गया। चालक ने न केवल पैदल चल रहे राहगीरों को टक्कर मारी, बल्कि कई टू-व्हीलर चालकों को भी रौंद डाला। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। आक्रोशित जनों ने कार मालिक अमित सिंह राजपूत से मारपीट कर दी जबकि कार चालक भाग निकला। सूचना मिलते ही अधारताल पुलिस की टीम मौके पर पहुँची और स्थिति को संभाला।
