एक ही रात में 95 भेड़ों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

झुंझुनू, 16 मार्च (वार्ता) राजस्थान में झुंझुनू जिले के बुहाना उपखंड में रविवार रात एक पशुपालक की करीब 95 भेड़ों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार इस भारी नुकसान से पीड़ित पशुपालक के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। झारोड़ा ग्राम पंचायत के इस्माइलपुर गांव में धर्मेंद्र शर्मा ने बताया उसने रोज की तरह रात में सभी भेड़ों को बाड़े में चारा खिलाया था और सब कुछ सामान्य था। सुबह जब वह बाड़े में पहुंचा तो वहां चारों ओर भेड़ों के शव पड़े मिले। घटना की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।

धर्मेंद्र ने बताया कि मृत भेड़ों की संख्या करीब 95 है। इस नुकसान का आकलन करीब आठ लाख रुपए बताया जा रहा है। उसने बताया कि पशुपालन ही परिवार की आजीविका का मुख्य साधन था। इस घटना से उसका पूरा व्यवसाय खत्म हो गया और परिवार गहरे आर्थिक संकट में आ गया है।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया है कि मृत भेड़ों के शरीर पर किसी प्रकार के चोट या जख्म के निशान नहीं मिले हैं। ऐसे में जंगली जानवर के हमले की संभावना कम मानी जा रही है। मौत के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।

घटना के बाद मृत भेड़ों को ट्रैक्टर के जरिए दूसरी जगह ले जाकर डाला गया। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और पशुपालन विभाग से मांग की है कि मेडिकल टीम मौके पर भेजकर भेड़ों का पोस्टमार्टम कराया जाए और मौत के कारणों की जांच की जाए। इसके साथ ही पीड़ित पशुपालक को जल्द से जल्द उचित आर्थिक मुआवजा दिलाया जाये।

 

 

Next Post

पूर्व सेना प्रमुख पांडे का डीपफेक वीडियो सामने आया, सरकार ने पाकिस्तान से जुड़े खातों को ठहराया दोषी

Mon Mar 16 , 2026
नयी दिल्ली, 16 मार्च (वार्ता) पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और बढ़ते तनाव के बीच पूर्व सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे का एक डिजिटल रूप से संपादित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है जिसमें झूठा दावा किया गया है कि इजरायल ने भारतीय सेना को एक “नैतिक बल” […]

You May Like