शिवपुरी:मुख्यमंत्री जन विश्वास एवं सेवा सेतु अभियान के तहत कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने शनिवार को करैरा क्षेत्र की शासकीय संस्थाओं का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत परखी। सांदिपनि मॉडल स्कूल में उन्होंने कक्षाओं, खेल मैदान, फर्नीचर, पेयजल और वर्षाजल निकासी की स्थिति देखी। जल संरक्षण के लिए रिचार्ज शाफ्ट का स्थान चिन्हित करने तथा स्कूल की समस्याएं लिखित में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
लोटनपुरा आंगनवाड़ी केंद्र में बच्चों का कम टीकाकरण सामने आने पर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने पोषण आहार, भोजन, दवाओं तथा पिंक- ब्लू गोलियों के वितरण की समीक्षा कर शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने को कहा।
टीला की गौशाला में चारा, पानी, पशु आवास और टैगिंग की पड़ताल की। वहीं शासकीय हाई स्कूल में कक्षाओं में पहुंचकर बच्चों से ब्लैकबोर्ड पर लिखे पाठ पढ़वाए और मौके पर ही शैक्षणिक स्तर तथा व्यवस्थाओं की हकीकत परखी।
