नयी दिल्ली, 16 मार्च (वार्ता) पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और बढ़ते तनाव के बीच पूर्व सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे का एक डिजिटल रूप से संपादित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है जिसमें झूठा दावा किया गया है कि इजरायल ने भारतीय सेना को एक “नैतिक बल” से “जातीय बल” में बदल दिया है।
सरकार ने इस वीडियो को प्रसारित करने वाली कई पोस्टों को डीपफेक बताते हुए चिह्नित किया है और कहा है कि इसे पाकिस्तान से जुड़े दुष्प्रचार खातों द्वारा पश्चिम एशिया संकट के दौरान भारत को निशाना बनाने वाले एक व्यापक दुष्प्रचार अभियान के तहत प्रसारित किया जा रहा है।
हाल ही में माइक्रोब्लॉगिंग साइट ‘एक्स’ पर कई हैंडल्स द्वारा साझा किए गए पोस्ट में पूर्व सेना प्रमुख एक कार्यक्रम में बोलते हुए दिखाई दे रहे हैं। डिजिटल रूप से संपादित क्लिप में जनरल पांडे (सेवानिवृत्त) को यह कहते हुए सुना जा सकता है, “इजरायल का समर्थन करने से हमारी भारतीय सेना को सबसे बड़ा नुकसान हुआ है। हमारी भारतीय सेना को हमेशा एक नैतिक बल के रूप में प्रशिक्षित किया गया है। वर्तमान स्थिति इसे एक जातीय बल में बदल रही है। मेरी बात याद रखना, यह स्थिति पूर्ण विद्रोह की ओर बढ़ रही है। हम सभी ने असम में जो हो रहा है वह देखा है। हमारी सेना को इजरायली प्रशिक्षकों द्वारा प्रशिक्षित किया जा रहा है, जिनका पहला निर्देश यह है कि सभी मुसलमान, सिख, रेंगमा और कुकी इंसान नहीं हैं। वे पहले उन्हें अमानवीय बनाना सिखाते हैं और फिर उन पर अत्याचार करते हैं। यह ठीक नहीं है। अगर यह जारी रहा तो इससे आंतरिक विद्रोह होगा।”
प्रेस सूचना ब्यूरो की फैक्ट चेकिंग यूनिट ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “डीपफेक अलर्ट! पाकिस्तानी दुष्प्रचार करने वाले खाते एक डिजिटल रूप से हेरफेर किया हुआ वीडियो प्रसारित कर रहे हैं, जिसमें पूर्व सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे (सेवानिवृत्त) को भारतीय सेना के बारे में झूठे बयान देते हुए गलत तरीके से दिखाया गया है। सावधान! यह एआई द्वारा निर्मित डीपफेक वीडियो है। पूर्व सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे (सेवानिवृत्त) ने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है।”
मूल, बिना संपादित वीडियो साझा करते हुए सरकार ने कहा कि पाकिस्तानी दुष्प्रचार करने वाले खाते जनता को गुमराह करने और भारतीय सशस्त्र बलों में विश्वास को कम करने के लिए एक समन्वित दुष्प्रचार अभियान के तहत ऐसे हेरफेर किए गए वीडियो प्रसारित कर रहे हैं।
मूल वीडियो क्लिप में पूर्व सेना प्रमुख भविष्य के लिए तैयार रहने की आवश्यकता पर बात कर रहे थे। उन्होंने कहा, “हम एक जटिल दुनिया में रहते हैं। हमें न केवल वर्तमान सुरक्षा चुनौतियों से निपटने में सक्षम होना चाहिए, बल्कि भविष्य का भी अनुमान लगाना चाहिए। एक बार अनुमान लगा लेने के बाद, आपको उसी के अनुसार तैयारी करनी होगी। आपके पास वे क्षमताएं होनी चाहिए जो आपको भविष्य के युद्धों को प्रभावी ढंग से लड़ने में सक्षम बनाएंगी। सशस्त्र बलों को भविष्य के लिए तैयार रहना होगा।” इसमें नागरिकों को यह भी चेतावनी दी गई कि वे जानकारी साझा करने से पहले आधिकारिक और विश्वसनीय स्रोतों से उसकी पुष्टि कर लें।
