
नवभारत न्यूज
इंदौर. लसूड़िया थाना क्षेत्र में देर रात एक विवाद और मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. घटना गुलाब बाग कॉलोनी के पास करीब रात 1 बजे की बताई जा रही है. यहां पर एक बाइक और कार के टकराने के बाद विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हाथापाई और मारपीट में बदल गया. मामले में पुलिस जांच कर रही है.
लोगों का कहना है कि कार क्रमांक एमपी 04 जेड 9821 और बाइक क्रमांक एमपी 33 एम क्यू 8903 के बीच टक्कर हो गई. जिसके बाद दोनों पक्षों में बहस हुई. बाइक सवार युवक ने कार में बैठी युवतियों से भी कहासुनी की. मामला इतना बढ़ गया कि सड़क पर काफी देर तक हंगामा चलता रहा. इस दौरान आसपास के लोग तमाशबीन बने रहे और कुछ ने इस घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया. मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह कार सवार युवक-युवतियों को वहां से रवाना किया. मामले में पुलिस का कहना है कि सुबह तक कोई भी शिकायतकर्ता थाने नहीं पहुंचा है.
