छन्ना सागर तालाब पट्टा विवाद: समिति के सदस्यों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, रोक लगाने की मांग

छतरपुर। जिले की छन्ना सागर मत्स्य उद्योग एवं सिंघाड़ी उद्योग सहकारी समिति, भेलनपुरवा के सदस्यों ने मंगलवार दोपहर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर छन्ना सागर तालाब के पट्टे के आवंटन पर रोक लगाने की मांग की है। समिति का कहना है कि मामला वर्तमान में मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय में विचाराधीन है, इसलिए अंतिम निर्णय आने तक किसी अन्य व्यक्ति या संस्था को तालाब का पट्टा आवंटित नहीं किया जाना चाहिए।

समिति के सदस्यों ने ज्ञापन में बताया कि छन्ना सागर मत्स्य उद्योग एवं सिंघाड़ी उद्योग सहकारी समिति का पंजीकरण 10 सितंबर 1984 को हुआ था। उनका आरोप है कि 31 मार्च 2020 को गलत तरीके से समिति को परिसमापन में डाल दिया गया। सदस्यों का कहना है कि समिति के चुनाव कराने के नाम पर राजेश रैकवार द्वारा मछुआरों से जबरन त्यागपत्र लिए गए, जिससे समिति को भंग करने का रास्ता तैयार किया गया।

समिति के सदस्यों ने इस कार्रवाई को चुनौती देते हुए मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय में याचिका दायर की है। उनका कहना है कि मामला न्यायालय में लंबित है और इस दौरान यदि तालाब का पट्टा किसी अन्य पक्ष को दे दिया गया तो समिति के हित प्रभावित होंगे।

काशीराम रैकवार सहित समिति के अन्य सदस्यों ने कलेक्टर से मांग की है कि उच्च न्यायालय से अंतिम फैसला आने तक छन्ना सागर तालाब का पट्टा किसी भी अन्य व्यक्ति या संस्था के नाम आवंटित न किया जाए। समिति ने प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई करते हुए न्यायालय के निर्णय का इंतजार करने का आग्रह किया है।

Next Post

मंत्रिमंडल बैठक: कपास पर मंडी फीस आधी हुई, विकास और किसान कल्याण के लिए 13,800 करोड़ मंजूर

Tue Jun 9 , 2026
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंत्रि-परिषद की बैठक मंगलवार को मंत्रालय में हुई। मंत्रि-परिषद की बैठक में मध्यप्रदेश के बुनियादी ढांचे, तकनीकी विकास और किसान कल्याण से जुड़े कार्यों के लिए लगभग 13 हजार 800 करोड़ रूपये की स्वीकृति के साथ कई बड़े एवं महत्वपूर्ण निर्णयों पर […]

You May Like