पांच राज्यों के हालिया विधानसभा चुनाव परिणामों में सबसे अधिक चर्चा पश्चिम बंगाल की हो रही है, जहां भारतीय जनता पार्टी ने लगभग 75 वर्षों में पहली बार स्पष्ट बहुमत हासिल कर एक नया राजनीतिक अध्याय रचा है. इसी तरह तमिलनाडु में द्रविड़ राजनीति की दशकों पुरानी पकड़ कमजोर पड़ती नजर आई है. इन परिणामों का केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि समाजशास्त्रीय दृष्टिकोण से भी विश्लेषण आवश्यक है. प्रश्न यह है कि आखिर भाजपा लगातार चुनावी सफलता कैसे प्राप्त कर रही है, और क्यों पारंपरिक ‘एंटी इंकंबेंसी’ का प्रभाव उस पर सीमित दिखाई देता है ?
यदि देश के विभिन्न राज्यों पर दृष्टि डालें तो एक लंबी सूची सामने आती है, जहां भाजपा ने लंबे समय तक सत्ता में बने रहने का रिकॉर्ड कायम किया है. गुजरात में 1990 के दशक से लेकर अब तक पार्टी की निरंतर उपस्थिति इसका उदाहरण है. असम जैसे जटिल सामाजिक संरचना वाले राज्य में भाजपा तीन लगातार कार्यकाल जीत चुकी है. मध्यप्रदेश में भी 2003 से पार्टी का प्रभुत्व बना हुआ है, केवल 2018 इसका अपवाद रहा. महाराष्ट्र, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में भी भाजपा ने सत्ता को बनाए रखने में सफलता हासिल की है. केंद्र में भी लगातार तीसरी बार सरकार बनाना इस प्रवृत्ति को और पुष्ट करता है. इसके विपरीत अधिकांश विपक्षी दल अपनी सरकारों को टिकाए रखने में असफल रहे हैं.
इस परिदृश्य का मूल कारण राजनीतिक दलों की कार्यशैली और जनता की बदलती अपेक्षाओं के बीच का अंतर है. आज का मतदाता केवल वादों से संतुष्ट नहीं होता, बल्कि वह ठोस परिणाम और प्रभावी शासन चाहता है. सरकारों के लिए आवश्यक हो गया है कि वे न केवल अपने चुनावी वादों को पूरा करें, बल्कि नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए मजबूत ‘डिलीवरी सिस्टम’ भी सुनिश्चित करें. इस संदर्भ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का शासन मॉडल अक्सर उदाहरण के रूप में प्रस्तुत किया जाता है, जहां योजनाओं की जमीनी स्तर तक निगरानी और कार्यान्वयन पर विशेष बल दिया जाता है. भाजपा की सफलता का एक महत्वपूर्ण आधार उसका सुदृढ़ संगठन और समर्पित कार्यकर्ता तंत्र भी है. पार्टी ने लंबे समय तक विपक्ष में रहकर संघर्ष किया है, जिससे उसे जनभावनाओं को समझने और उनके अनुरूप रणनीति बनाने का अनुभव मिला. इसके विपरीत, कई विपक्षी दल आज भी पारंपरिक राजनीतिक तरीकों,जैसे वंशवाद, जातीय समीकरण और सीमित वोट बैंक,पर निर्भर दिखाई देते हैं, जो वर्तमान समय में अपेक्षित प्रभाव नहीं छोड़ पा रहे हैं.
यह भी स्पष्ट होता जा रहा है कि भारतीय मतदाता का सामूहिक विवेक अत्यंत परिपक्व हो चुका है. वह सरकारों के कार्यों का सूक्ष्म मूल्यांकन करता है और उसी आधार पर निर्णय लेता है. केवल नारेबाजी या अल्पकालिक राजनीतिक लाभ अब चुनावी सफलता की गारंटी नहीं रह गए हैं. बेहतर प्रशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही ही आज के राजनीतिक विमर्श के केंद्र में हैं.
लोकतंत्र में एक मजबूत और प्रभावी विपक्ष की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है. किंतु इसके लिए विपक्षी दलों को आत्ममंथन करना होगा. उन्हें यह समझना होगा कि लगातार हो रही पराजयों के पीछे क्या कारण हैं और अपनी रणनीतियों में किस प्रकार बदलाव लाया जा सकता है ? जनता के बीच सक्रिय उपस्थिति, जमीनी मुद्दों पर निरंतर संघर्ष और विश्वसनीय नेतृत्व का निर्माण,ये सभी ऐसे तत्व हैं, जिनका कोई विकल्प नहीं है.कुल मिलाकर यदि विपक्षी दल अपनी कार्यशैली में आवश्यक परिवर्तन नहीं करते, तो चुनावी पराजयों का सिलसिला जारी रह सकता है. बदलते भारत में राजनीति के पुराने सूत्र अब अप्रासंगिक होते जा रहे हैं. ऐसे में समय की मांग है कि सभी दल जनता की आकांक्षाओं को समझें और उसी के अनुरूप अपनी दिशा तय करें.
