मिशन 2028 के लिए पार्टी एकजुट: पटवारी

भोपाल: मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मंगलवार को पत्रकारों से चर्चा के दौरान देश के मौजूदा राजनीतिक वातावरण और प्रदेश सरकार की कार्यशैली पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कांग्रेस संगठन की आगे की रणनीति पर भी विस्तार से बात की।

दिल्ली में हाल ही में हुए ब्लास्ट पर गहरी चिंता जताते हुए पटवारी ने कहा कि दुर्भाग्यपूर्ण है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी घटना के तुरंत बाद देश में नहीं रुके और भूटान प्रस्थान कर गए। इसे उन्होंने “संवेदनहीनता का गंभीर उदाहरण” बताया। उन्होंने केंद्र सरकार, सेना, इंटेलिजेंस एजेंसियों और दिल्ली पुलिस से घटना की सख्त जांच कर दोषियों को कठोर सजा देने की मांग की। साथ ही शहीदों को श्रद्धांजलि भी अर्पित की।

सरपंच सम्मेलन के मुद्दे पर पटवारी ने मुख्यमंत्री मोहान यादव द्वारा सचिवों और रोजगार सहायकों पर की गई टिप्पणी को अपमानजनक बताते हुए कहा कि यह ग्राम स्वराज की भावना पर प्रहार है। उन्होंने कहा कि जो लोग गांवों में विकास का कार्य कर रहे हैं, उन्हें अपमानित करना उचित नहीं और मुख्यमंत्री को इस पर सार्वजनिक माफी मांगनी चाहिए।

केरवा डैम विवाद को लेकर उन्होंने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि यह सरकार “अलीबाबा और चालीस चोर” की तरह काम कर रही है, जहां भ्रष्टाचार चरम पर है और पारदर्शिता गायब हो गई है।

कांग्रेस नवसृजन प्रशिक्षण कार्यक्रम पर पटवारी ने बताया कि संगठनात्मक रणनीति और कार्यशैली में गहन मंथन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा भले संगठन विस्तार में लगी हो, लेकिन जनता में उसके प्रति नाराजगी साफ दिखाई दे रही है। कांग्रेस मिशन 2028 के लिए एकजुट होकर तैयारी कर रही है और प्रदेश में सत्ता वापसी का लक्ष्य रखती है।

बिहार चुनाव एग्जिट पोल पर उन्होंने कहा कि जल्दबाजी की जरूरत नहीं, कुछ दिनों में सच्चाई सामने आ जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के अधिकारों और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

Next Post

वेस्टइंडीज और अफगानिस्तान के बीच होगी 19 जनवरी से शुरु होगी टी-20 सीरीज

Tue Nov 11 , 2025
नयी दिल्ली 11 नवंबर (वार्ता) वेस्टइंडीज और अफगानिस्तान के बीच अगले साल शारजाह में 19 जनवरी से तीन टी-20 मैचों में सीरीज खेली जायेगी। भारत और श्रीलंका में अगले वर्ष फरवरी में होने वाले टी-20 विश्वकप के मद्देनजर 19 से 22 जनवरी तक शारजाह में होने वाली यह द्विपक्षीय सीरीज […]

You May Like