नयी दिल्ली 11 नवंबर (वार्ता) वेस्टइंडीज और अफगानिस्तान के बीच अगले साल शारजाह में 19 जनवरी से तीन टी-20 मैचों में सीरीज खेली जायेगी।
भारत और श्रीलंका में अगले वर्ष फरवरी में होने वाले टी-20 विश्वकप के मद्देनजर 19 से 22 जनवरी तक शारजाह में होने वाली यह द्विपक्षीय सीरीज दोनों टीमों के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड निदेशक माइल्स बास्कोम्बे ने इस सीरीज के महत्व पर बल देते हुए कहा, “यह सीरीज हमारी तैयारी के लिए एक बेहतरीन मंच प्रदान करती है।उपमहाद्वीपीय परिस्थितियों में मजबूत प्रतिद्वंदियों का सामना करने से हमें अपने संयोजन और रणनीति को निखारने तथा उनके खिलाड़ियों को भारत और श्रीलंका जैसी पिचों पर आत्मविश्वास बढ़ाने में मदद मिलेगी।”
उल्लेखनीय है कि वेस्टइंडीज ने पिछला टी-20 विश्वकप की मेजबानी की थी, जहां वे सुपर एट स्टेज तक पहुंचे थे लेकिन नॉकआउट में नहीं पहुँच पाए थे। अफगानिस्तान उस स्पर्धा के सेमीफाइनल में पहुंचा था। दोनों टीमों ने एक-दूसरे के खिलाफ आठ अंतराष्ट्रीय टी-20 मैच खेले हैं, जिसमें वेस्टइंडीज ने पांच और अफगानिस्तान ने तीन मैच जीते है।
सीरीज को लेकर अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड के मुख्य कार्यकारी नसीम खान ने कहा, “एक ग्लोबल स्पर्धा से ठीक पहले वेस्ट इंडीज के खिलाफ खेलना हमारी टीम के लिए अपनी लाइनअप को फाइनल करने और भारत और श्रीलंका में होने वाली स्पर्धा के लिए अपनी तैयारियों को बेहतर बनाने का एक शानदार मौका है।”
