मुंबई, 02 जुलाई (वार्ता) अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में गुरुवार को डॉलर की मांग मजबूत रही, जिससे रुपये में गिरावट देखी गयी।
कारोबार की समाप्ति पर भारतीय मुद्रा 19 पैसे नीचे बंद हुई और एक डॉलर 95.35 रुपये का बोला गया। यह 11 जून के बाद रुपये का निचला स्तर है। पिछले कारोबारी दिवस पर रुपया 60 पैसे टूटकर 95.16 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर डॉलर और कच्चे तेल में नरमी से मिले समर्थन के दम पर रुपये में आज शुरुआती तेजी रही। यह 40 पैसे की मजबूती के साथ 94.50 रुपये प्रति डॉलर पर खुला और 94.90 रुपये प्रति डॉलर तक पहुंचा।
सस्ते डॉलर की खरीद बढ़ने से रुपया एक बार फिर कमजोर हुआ और कारोबार की समाप्ति से पहले 95.42 रुपये प्रति डॉलर तक टूटने के बाद 95.35 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल में आज गिरावट रही। लंदन का ब्रेंट क्रूड वायदा एक प्रतिशत गिरकर 71 डॉलर प्रति बैरल से नीचे उतर गया। दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर सूचकांक के 0.5 प्रतिशत टूटने से भी रुपये को समर्थन मिला और इसकी गिरावट सीमित रही।
