सीहोर/ इछावर नगर परिषद की कथित खानापूर्ति और लचर सफाई व्यवस्था से नाराज वार्ड क्रमांक 15 के नागरिकों ने गुरुवार को जोरदार धरना-प्रदर्शन किया. पार्षद जुनैद खान (सोनू) के नेतृत्व में आयोजित इस आंदोलन में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी और कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए. प्रदर्शनकारियों ने पहले नाले में उतरकर गंदगी और कचरा निकाला, फिर उसे नगर परिषद परिसर में डालकर अपना विरोध दर्ज कराया.
इछावर नगरपरिषद के वार्ड क्रमांक 15 में लंबे समय से गंदे नाले और अधूरे निर्माण कार्यों की समस्या बनी हुई है. क्षेत्रवासियों का आरोप है कई बार शिकायतों और मांगों के बावजूद नगर परिषद द्वारा कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया. कुछ दिन पूर्व पार्षद जुनैद खान ने भी नगर परिषद को ज्ञापन सौंपकर नाले की संपूर्ण सफाई और अधूरे निर्माण कार्यों को पूरा करने की मांग की थी. इसके बाद परिषद द्वारा आंशिक सफाई कर खानापूर्ति कर दी गई, जिससे लोगों में आक्रोश और बढ़ गया.
गुरुवार को इसी नाराजगी के चलते नागरिकों ने धरना-प्रदर्शन किया. आंदोलन में पूर्व विधायक शैलेन्द्र पटेल, जिला अध्यक्ष राजीव गुजराती, आशीष गेहलोत, बृजेश पटेल, बलवान पटेल, जुनैद खान सोनू सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे. प्रदर्शनकारियों ने नाले में जमा गंदगी को स्वयं साफ किया और नगर परिषद पहुंचकर परिषद के परिसर में कचरा डालते हुए प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि प्री-मानसून की पहली बारिश ने ही नगर परिषद की तैयारियों की पोल खोल दी है. तीन दिन पहले हुई बारिश के दौरान नालियों में जमा गंदगी सड़कों पर बहकर आ गई थी, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन गई और आवागमन प्रभावित हुआ. नागरिकों का आरोप है कि नगर की सफाई व्यवस्था चरमराई हुई है और जिम्मेदार अधिकारी समस्या के समाधान को लेकर गंभीर नहीं हैं.
परिषद की कार्यप्रणाली से असंतुष्ट पार्षद जुनैद खान ने कहा कि जनता अब केवल आश्वासन नहीं बल्कि स्थायी समाधान चाहती है. वर्षों से चली आ रही समस्याओं के कारण लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है. उन्होंने कहा यदि निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरे नहीं हुए तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा.
सीएमओ ने मांगी दस दिन की मोहलत
कांग्रेस द्वारा किए जा रहे धरना-प्रदर्शन के दौरान मुख्य नगर पालिका अधिकारी मौके पर पहुंचे और आंदोलनकारियों से चर्चा की. उन्होंने समस्या के समाधान के लिए 10 दिनों का समय मांगा. इस पर पूर्व विधायक शैलेन्द्र पटेल ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 15 दिनों के भीतर नाले की संपूर्ण सफाई और अधूरे निर्माण कार्य पूर्ण नहीं किए गए तो इससे भी बड़ा जनआंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी नगर परिषद प्रशासन की होगी. इस दौरान कांग्रेस नेता व कार्यकर्ताओं के अलावा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित थे.
