खजराना पुलिस की बड़ी कार्रवाई
इंदौर: इंदौर में अपराधियों और अवैध हथियारों पर नकेल कसने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है. खजराना पुलिस ने अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से एक 315 बोर का देसी कट्टा और आठ जिंदा कारतूस बरामद किए हैं. पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है.
पुलिस उपायुक्त झोन-02 अभिनय विश्वकर्मा ने बताया कि एसीपी खजराना कुंदन मंडलोई के निर्देशानुसार थाना प्रभारी मनोज सिंह सेंधव के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही है. खजराना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि स्कीम नंबर 134 में दो संदिग्ध युवक हथियारों के साथ घूम रहे हैं, पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को रोका और तलाशी ली. पहले आरोपी की कमर से 315 बोर का देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस मिले.
दूसरे आरोपी की जींस की जेब से छह जिंदा कारतूस बरामद किए गए. जब्त हथियारों और कारतूसों की कीमत करीब 12 हजार रुपए बताई जा रही है. पुलिस की गिरफ्त में आरोपियों में निवासी 77 राजीव नगर बड़ला खजराना में रहने वाले मोहम्मद खालिद पिता मोहम्मद साबिर और मोहम्मद आबिद पिता मोहम्मद साबिर को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अवैध हथियार रखने और उनके क्रय-विक्रय से जुड़े मामलों में पुलिस रिमांड लेकर उनसे पूछताछ कर रही है.
