
बिजावर। रविवार को लगे चंद्र ग्रहण के कारण श्री जटाशंकर धाम मंदिर के कपाट दोपहर 12:30 बजे से बंद कर दिए गए थे। मंदिर प्रबंधन के अनुसार राजभोग के बाद कपाट बंद किए गए थे और ग्रहण काल के दौरान भक्तों के लिए दर्शन पूरी तरह से रोक दिए गए थे।
सोमवार, 8 सितंबर की सुबह 5 बजे मंदिर दोबारा खोला गया। इसके बाद सुबह 6 से 7 बजे के बीच आरती पूर्व निर्धारित समय पर संपन्न हुई। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए उमड़ पड़ी।
मंदिर प्रबंधन ने बताया कि ग्रहण के समय परंपराओं के अनुसार मंदिर के कपाट बंद कर दिए जाते हैं और स्नान-ध्यान के बाद ही उन्हें खोला जाता है। श्रद्धालुओं से पहले ही अपील की गई थी कि वे ग्रहण की अवधि में मंदिर आने से बचें और निर्धारित समय पर ही दर्शन करें।
सोमवार सुबह मंदिर के कपाट खुलने के बाद श्रद्धालुओं ने भगवान जटाशंकर के दर्शन कर आशीर्वाद लिया और मंगलकामनाएं कीं।
