
बैतूल। जिले के चोपना थाना क्षेत्र में 30 अगस्त 2025 को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब तेज बारिश के कारण उफनाई नदी में दो युवक कार समेत बह गए। समय रहते चोपना पुलिस, गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
सारणी निवासी कबीर सिंदूर (26) और हंसराज सिंदूर (27) वैगनआर कार से ग्राम नारायणपुर में देवी जागरण कार्यक्रम में जा रहे थे। नेविगेशन के सहारे रास्ता देख रहे युवकों ने ग्राम बटकी डोह रपटे पर तेज बहाव के बावजूद गाड़ी पार करने की कोशिश की, जिससे उनकी कार बहाव में बह गई।
घटना की सूचना मिलते ही थाना चोपना प्रभारी ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। पहले से तैयार स्थानीय गोताखोरों और जागरूक ग्रामीणों की मदद से पुलिस टीम ने दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकालने में सफलता पाई। हालांकि, बहाव तेज होने के कारण वाहन को तत्काल नहीं निकाला जा सका, जिसे जलस्तर कम होने पर बाहर निकाला जाएगा।
इस घटना ने एक बार फिर सावधानी बरतने की आवश्यकता को रेखांकित किया है। उल्लेखनीय है कि बैतूल के पुलिस अधीक्षक श्री निश्चल एन. झारिया ने बरसात के मौसम को देखते हुए सभी थाना प्रभारियों को सतर्कता बढ़ाने, नदी-नालों एवं रपटों पर सुरक्षा पुख्ता करने और आमजन को जागरूक करने के निर्देश पहले ही दे रखे हैं।
कुछ दिन पहले इसी क्षेत्र में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली नदी में बह गई थी, जिसमें सवार पांच लोगों में से तीन को चोपना पुलिस ने सुरक्षित रेस्क्यू किया था। उस घटना के बाद पुलिस और ग्रामीणों को सम्मानित भी किया गया था। पुलिस की तत्परता और स्थानीय सहयोग से एक बार फिर दो अनमोल जिंदगियां बचाई जा सकीं।
