
रीवा।मध्यप्रदेश राज्य पिछड़ावर्ग कल्याण आयोग के अध्यक्ष डॉ. रामकृष्ण कुसमरिया ने अपने रीवा प्रवास के दौरान पिछड़ावर्ग एवं अल्पसंख्यक वर्ग के हितग्राहियों को शासन की योजनाओं से प्राप्त होने वाली योजनाओं समीक्षा की. उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ मिले तथा अन्य हितग्राही सभी योजनाओं का लाभ लें सके इसके लिये जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये जांय.
कलेक्ट्रेट के मोहन सभागार में आयोजित बैठक में डॉ. कुसमरिया ने कहा कि छात्रों के छात्रवृत्ति का समय पर लाभ मिले तथा अन्य विभागीय योजनाओं का लाभ वर्गों के व्यक्ति ले सके इसके लिये उन्हें जागरूक किया जाय. बैठक में बताया गया कि वर्ष 2024-25 में 16402 छात्रों ने पिछड़ावर्ग पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिये आवेदन किया जिसमें से 12895 छात्रों को छात्रवृत्ति स्वीकृत कर 7357 छात्रों का इसका भुगतान किया गया.
निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष निर्माण कार्य देखकर भडक़े
म.प्र. राज्य पिछड़ावर्ग कल्याण आयोग के अध्यक्ष डॉ. रामकृष्ण कुसमरिया ने पिछड़ावर्ग पोस्ट मैट्रिक कन्या छात्रावास एवं बालक छात्रावास का निरीक्षण किया. उन्होंने बालिका छात्रावास में सफाई व्यवस्था दुरूस्त रखने के निर्देश दिये. उन्होंने कहा कि छात्रावास में पीने के पानी की सुविधा, कोचिंग की सुविधा, मेस व्यवस्था तथा जिम के उपकरणों के सुधार की व्यवस्था कराने के निर्देश दिये. उन्होंने छात्रावास भवन में अन्य आवश्यक सुधार कार्य तत्काल कराने हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया. बालिका छात्रावास में छात्राओं ने उनका स्वागत किया गया. उन्होंने बालिकाओं से कहा कि पूरी तन्मयता से पढ़ाई करें. छात्रावास में सभी व्यवस्थायें प्राथमिकता के साथ पूरी कराई जायेगी. बालक छात्रावास के निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष ने छात्रावास भवन के निर्माण व प्रथम मंजिल में निर्माणाधीन कार्य पर अप्रसन्नता व्यक्त की तथा बनाये गये भवन के परिसर में पानी भरने व अन्य कमियों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि भवन बनाने में दिये गये ले आउट के लिये तत्कालीन निर्माण एजेंसी पर जिम्मेदारी तय की जायेगी. इस दौरान पूर्व महापौर वीरेन्द्र गुप्ता, प्रकाश सोनी, उमाशंकर पटेल, डिप्टी कलेक्टर राजेश सिन्हा, सुधाकर सिंह, सहायक संचालक सुमन द्विवेदी सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे.
