
देवास। जिला अस्पताल में एक बार फिर लापरवाही का मामला सामने आया है। अस्पताल में भर्ती एक प्रसूता महिला को रेफर करने के बाद नवजात शिशुओं की मौत हो गई, जिसके बाद परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया और प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार, तीन दिन पहले शहर के एक परिवार ने अपनी बेटी को प्रसव पीड़ा के चलते जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। परिजनों का आरोप है कि लगातार तीन दिनों से महिला को दर्द हो रहा था, लेकिन अस्पताल के डॉक्टरों ने समय रहते डिलीवरी नहीं करवाई और उसे अमलतास अस्पताल रेफर कर दिया। परिजनों के मुताबिक, आज सुबह प्रसव के बाद बच्चों की मौत हो गई।
परिजनों का कहना है कि अस्पताल प्रशासन की ओर से उन्हें बच्चों की हालत या मृत्यु की जानकारी तक नहीं दी गई। इस घटना के बाद परिजन आक्रोशित हो गए और अस्पताल में जमकर हंगामा किया। उन्होंने डॉक्टरों और जिम्मेदार अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।
वहीं, अस्पताल प्रबंधन ने मामले की जांच की बात कही है। अधिकारियों का कहना है कि घटना की जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी गई है और पूरी जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी
