भोपाल: दीपावली की खरीदारी के लिए बाजारों में निकलने से पहले ट्रैफिक प्लान जरूर जान लें। भोपाल में 4 से 9 नवंबर तक यातायात पुलिस ने विशेष व्यवस्था लागू की है। पुराने शहर से लेकर न्यू मार्केट, 10 नंबर मार्केट, एमपी नगर और बैरागढ़ तक वाहनों की आवाजाही और पार्किंग के नियमों में बदलाव किया गया है।पुराने शहर के जुमेराती और चौक बाजार में खरीदारी के लिए पांच पार्किंग स्थल तय किए गए हैं। इनमें बाल विहार ग्राउंड, मोती मस्जिद की मल्टीलेवल पार्किंग, कोतवाली थाने के पास, भवानी चौक और सेंट्रल लाइब्रेरी मैदान शामिल हैं।
भीड़ बढ़ने पर अंदरूनी बाजारों में चार पहिया, तीन पहिया और लोडिंग वाहनों की एंट्री प्रतिबंधित रहेगी।वहीं, 10 नंबर मार्केट में जरूरत के अनुसार वन-वे व्यवस्था लागू होगी। वंदे मातरम चौराहे से बाजार में एंट्री मिलेगी और मार्केट तिराहे से नेशनल अस्पताल की ओर जाना होगा। पार्किंग के लिए बिट्टन मार्केट, नगर निगम पार्किंग और मनोहर डेयरी के पास जगह तय की गई है।न्यू मार्केट में वाहन टीटी नगर थाने के पास मल्टीलेवल पार्किंग में खड़े किए जा सकेंगे। ट्रैफिक का दबाव बढ़ने पर कुछ रास्तों से आने वाले वाहनों को मटका चौराहा और स्पोर्ट मार्ट की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
एमपी नगर जोन-1 और बैरागढ़ में भी निर्धारित पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करना होगा। यातायात पुलिस ने व्यापारियों से रात 12 से सुबह 7 बजे के बीच ही लोडिंग-अनलोडिंग करने की अपील की है।इन सभी व्यवस्थाओं की जानकारी एडिशनल डीसीपी ट्रैफिक बसंत कुमार कौल ने नवभारत से बातचीत में दी। उन्होंने नागरिकों से निर्धारित पार्किंग में वाहन खड़े करने और भीड़ से बचने के लिए सार्वजनिक यात्री वाहनों का इस्तेमाल करने की अपील की है।
