
बेगमगंज। सुमेर में एक बड़ा हादसा टल गया, जहां खाद से भरा एक ट्रक चालक की लापरवाही के चलते अनियंत्रित होकर पलट गया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
घटना ग्राम सुमेर के आगे फ्लाईओवर ब्रिज की है, जहां विदिशा से बेगमगंज की ओर आ रहा खाद से भरा ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया। बताया जा रहा है कि ट्रक करीब 500 फीट तक ब्रिज की रेलिंग तोड़ता हुआ खेत में जा पलटा।
मौके पर मौजूद ग्रामीणों और डायल 112 के एफआरबी स्टाफ—हेड कांस्टेबल श्याम रघुवंशी और पायलट मोहम्मद शाहिद ने तत्परता दिखाते हुए चालक को सुरक्षित बाहर निकाला।
हैरानी की बात यह है कि चालक के नशे में होने की बात सामने आ रही है। हालांकि उसे कोई गंभीर चोट नहीं आई है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है, लेकिन एक बार फिर यह घटना लापरवाही और नशे में वाहन चलाने के खतरे को उजागर करती है।
