नयी दिल्ली (वार्ता) भारत में रूस के दूतावास ने गुरुवार को यूक्रेनी दूतावास के इस दावे को खारिज कर दिया कि रूसी बलों ने 12 अप्रैल को कीव में भारतीय स्वामित्व वाली फार्मेसी गोदाम पर हमला किया था।
रुसी दूतावास ने एक बयान में कहा कि ”रूसी सशस्त्र बलों ने 12 अप्रैल 2025 को कीव के पूर्वी हिस्से में कुसुम हेल्थकेयर के फार्मेसी गोदाम पर हमला नहीं किया था या हमला करने की योजना नहीं बनाई थी।”
बयान में कहा गया है कि उस दिन रूसी सामरिक विमानन, मानव रहित हवाई वाहनों और मिसाइल बलों ने यूक्रेनी सैन्य औद्योगिक परिसर के एक विमानन संयंत्र, एक सैन्य हवाई क्षेत्र के बुनियादी ढांचे और बख्तरबंद वाहन मरम्मत और यूएवी असेंबली कार्यशालाओं को पूरी तरह से अलग स्थान पर निशाना बनाया।
बयान में कहा गया है कि ”घटना की सबसे संभावित व्याख्या यह है कि यूक्रेनी वायु रक्षा मिसाइलों में से एक कुसुम हेल्थकेयर के गोदाम पर गिर गई जिससे उसमें आग लग गई।”
बयान में कहा गया ”इसी तरह के मामले पहले भी हुए हैं जब यूक्रेन के वायु रक्षा इंटरसेप्टर अपने लक्ष्य को भेदने में विफल रहे और वे अयोग्य तरीके से संचालित इलेक्ट्रॉनिक युद्ध प्रणालियों के कारण शहरी क्षेत्रों में गिर गए।” ”दूतावास ने रेखांकित किया है कि विशेष सैन्य अभियान के दौरान रूसी सशस्त्र बलों ने कभी भी नागरिक सुविधाओं को निशाना नहीं बनाया।”
बयान में कहा गया ”यह भी ध्यान दिया जाना चाहिए कि यूक्रेनी सेना के लिए शहरी क्षेत्रों में वायु रक्षा प्रणाली, रॉकेट लांचर, तोपखाने के टुकड़े और अन्य सैन्य उपकरण तैनात करना आम बात हो गई है जिसमें नागरिकों को मानव ढाल के रूप में इस्तेमाल किया जाता है।”
