इंदौर: चंदन नगर थाना क्षेत्र का है, शनिवार को दिनदहाड़े एक व्यक्ति पर चाकू से जानलेवा हमला किया गया। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, लेकिन पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी को भागने का मौका नहीं दिया और उसे तुरंत सलाखों के पीछे पहुँचा दिया।पुलिस के अनुसार, घटना चंदन नगर क्षेत्र अंतर्गत चंदू वाला ऑफिस, चंदू वाला रोड की है।
यहाँ से गुजर रहे फरियादी मेहबूब कुरैशी पिता जब्बार कुरैशी निवासी मिश्रा वाला रोड पर आरोपी सुनील ने अचानक हमला कर दिया। आरोपी सुनील और मेहबूब के बीच पुराना विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते और जान से मारने की नीयत से आरोपी सुनील ने लोहे का तेजधार चाकू निकाला और मेहबूब के पेट में घोंप दिया। चाकू लगते ही मेहबूब लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा, जिसे गंभीर हालत में तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उसका उपचार जारी है।दिनदहाड़े हुई इस वारदात को वरिष्ठ अधिकारियों ने गंभीरता से लिया।
बदमाशों की धरपकड़ के लिए चंदन नगर थाना प्रभारी तिलक करोले के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने तत्काल घटनास्थल और उसके आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की और वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी को हिरासत में ले लिया।पुलिस गिरफ्त में आए आरोपी की पहचान सुनील पिता दयाराम भील निवासी – धर्मराज कॉलोनी के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी सुनील ने मेहबूब पर जानलेवा हमला करने की बात स्वीकार कर ली है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया लोहे का तेजधार चाकू भी बरामद कर लिया है। पुलिस अब आरोपी से घटना के संबंध में और विस्तृत पूछताछ कर रही है कि इस विवाद में कोई और भी शामिल था या नहीं।
