इंदौर: खजराना थाना क्षेत्र में आज तड़के टेंट हाउस के विशाल गोदामों में भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि उसने देखते ही देखते करीब 10 हजार स्क्वायर फीट के दायरे में बने एक के बाद एक 6 गोदामों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद पास ही स्थित रहवासी बस्ती में हड़कंप मच गया और लोग डर के मारे घरों से बाहर निकल आए। सूचना के बाद मौके पर पहुँची फायर ब्रिगेड की 6 दमलकों और 40 से अधिक कर्मचारियों की टीम पांच घंटे से ज्यादा समय बीतने के बाद भी आग पर पूरी तरह काबू पाने का प्रयास कर रही है।
राहत की बात यह है कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। फायर ब्रिगेड को आज सुबह करीब 4.40 बजे खजराना क्षेत्र के कर्बला रोड पर कुएं के पास स्थित गोदामों में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही एएसआई सुशील दुबे के नेतृत्व में गांधी हॉल और अन्य फायर स्टेशनों से दमकलें और टैंकर मौके पर रवाना किए गए। आग की तीव्रता को देखते हुए नगर निगम और स्थानीय पुलिस की टीमें भी मौके पर पहुँच गईं। सुबह पौने 11 बजे तक लाखों लीटर पानी और फोम केमिकल का इस्तेमाल किया जा चुका था, लेकिन टेंट और सजावट के सामान में लगी आग रह-रहकर सुलग रही है।
आग लगने वाले इन गोदामों में शादी-समारोह, सजावट और इवेंट मैनेजमेंट से जुड़ा भारी मात्रा में कपड़ा, लकड़ी, प्लास्टिक और अन्य ज्वलनशील सामान रखा हुआ था, जो पूरी तरह जलकर खाक हो गया है। इस हादसे में टेंट कारोबारियों को लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है। मौके पर पहुँचे टीआई मनोज सेंधव ने बताया कि संभवतःशॉर्ट सर्किट की वजह से यह हादसा हुआ होगा।गोदामों के ठीक पास में घनी रहवासी बस्ती होने के कारण प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती आग को फैलने से रोकने की थी। दमकल कर्मियों ने सूझबूझ दिखाते हुए आग की लपटों को बस्ती की दिशा में बढ़ने से रोक दिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, आसमान में छाए काले धुएं के गुबार और तीखी गंध के कारण आसपास के रहवासियों को सांस लेने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
