एमजीएम मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल की 5वीं मंजिल से गिरकर डॉक्टर की मौत

इंदौर: शहर के प्रतिष्ठित एमजीएम मेडिकल कॉलेज के बॉयज हॉस्टल में देर रात एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया। जहां मेडिसिन विभाग के फाइनल ईयर के एक पीजी डॉक्टर की हॉस्टल की पांचवीं मंजिल से गिरने के कारण मौत हो गई। डॉक्टर का शव हॉस्टल परिसर में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। सूचना मिलते ही संयोगितागंज थाना पुलिस मौके पर पहुँची और मामले को जांच में लिया है। पुलिस फिलहाल आत्महत्या और हादसा, दोनों ही पहलुओं से मामले की पड़ताल कर रही है।

पुलिस के मुताबिक, घटना बीती रात करीब 2 बजे की है। एमजीएम बॉयज हॉस्टल परिसर के ब्लॉक नंबर-5 के पास अचानक कुछ गिरने की आवाज आई, जिसके बाद वहां मौजूद अन्य छात्रों ने जाकर देखा तो परिसर में डॉक्टर का शव लहूलुहान हालत में पड़ा हुआ था। हॉस्टल में सीनियर डॉक्टर की इस तरह मौत की खबर फैलते ही पूरे परिसर और मेडिकल कॉलेज में सनसनी फैल गई। आनन-फानन में इसकी सूचना कॉलेज प्रबंधन और स्थानीय पुलिस को दी गई।मृतक की पहचान डॉ. अमन पटेल (30) के रूप में हुई है।

डॉ. अमन एमजीएम मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन विभाग में फाइनल ईयर के पीजी स्टूडेंट थे और महज कुछ ही महीनों में उनका यह पोस्ट ग्रेजुएशन कोर्स पूरा होने वाला था। बताया जा रहा है कि उन्होंने अपनी एमबीबीएस की पढ़ाई जबलपुर से पूरी की थी और वे मूल रूप से जबलपुर के ही रहने वाले थे।संयोगितागंज थाना पुलिस ने मौके पर पहुँचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और शव को तुरंत पोस्टमार्टम के लिए एमवाय अस्पताल भिजवाया।

पुलिस को जांच के दौरान मृतक के पास या कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह मामला आत्महत्या का है या फिर पैर फिसलने की वजह से हुआ कोई हादसा, यह अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और डॉ. अमन के मोबाइल रिकॉर्ड्स व हॉस्टल के अन्य छात्रों के बयान दर्ज होने के बाद ही मौत की असल वजह साफ हो पाएगी।

Next Post

चुनाव बाद महंगाई बढ़ाकर गरीबों को चोट पहुंचाते हैं मोदी : खरगे

Mon May 18 , 2026
नयी दिल्ली, 18 मई (वार्ता) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर सीधा आरोप लगाते हुए कहा है कि वह चुनाव तक महंगाई और कीमतों से जुड़ी वास्तविक स्थिति छिपाते हैं और चुनाव खत्म होते ही गरीबों को नुकसान पहुंचाने वाले फैसले लेते हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय […]

You May Like