बांदरी। सागर जिले के बांदरी थाना क्षेत्र के बांदरी- पिठौरिया मार्ग पर युवक का शव सडक़ पर मिलने से सनसनी फैल गई. मृतक के परिजनों ने युवक की हत्या होने का आरोप लगाया है. पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पिठौरिया के पास सडक़ पर युवक का शव पड़ा होने की सूचना मिली थी. मौके पहुंचकर मामले की जांच शुरू की गई. मृतक की पहचान शरद तिवारी निवासी पिठौरिया के रूप में हुई. सूचना मिलते ही मृतक के परिवार वाले मौके पर आ गए. उन्होंने गांव के कुछ लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाया, साथ ही दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की. मृतक के परिजनों ने बताया कि कल बुधवार रात शरद क्षेत्र मे शादी समारोह में शामिल होने गया था. इसी दौरान गांव के बंटी रजक समेत अन्य से विवाद हुआ था.
मृतक के भाई आकाश का आरोप है कि विवाद के दौरान ही शरद की पत्थर मार कर हत्या की गई है, मामले में आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी होना चाहिए. बांदरी थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह बुंदेला ने बताया कि मामला सामने आते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. मामले में पिठौरिया निवासी बंटी रजक, विनोद रजक और देवेंद्र रैकवार के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच में लिया है. आरोपियों की तलाश में टीमें लगाई गईं हैं.
