एक क्लिक में बुक होगी स्पीड पोस्ट, रक्षाबंधन पर डाक विभाग ने बढ़ाई सुविधाएं

इंदौर: डाक विभाग ने रक्षाबंधन से पहले ग्राहकों को आधुनिक और त्वरित सेवाओं की सौगात देते हुए इंदौर जीपीओ में 24 घंटे संचालित होने वाले सेल्फ बुकिंग कियोस्क का शुभारंभ किया है. पोस्टमास्टर जनरल, इंदौर परिक्षेत्र गौरव श्रीवास्तव ने कियोस्क का उद्घाटन किया. इसके माध्यम से ग्राहक बिना कतार में लगे स्वयं स्पीड पोस्ट और पार्सल बुक कर सकेंगे. क्यूआर कोड से भुगतान और एसएमएस के जरिए बुकिंग की सूचना जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध रहेंगी.

रक्षाबंधन के मद्देनजर जीपीओ में विशेष राखी स्पीड पोस्ट काउंटर शुरू किया गया है. भोपाल, जबलपुर, रतलाम, नीमच, मंदसौर, खंडवा, खरगोन सहित सेना की 56 एपीओ और 99 एपीओ के लिए विशेष लेटर बॉक्स भी लगाए गए हैं, ताकि राखियां समय पर अपने गंतव्य तक पहुंच सकें. डाक विभाग राखी से जुड़े स्पीड पोस्ट आर्टिकल की बुकिंग पर 10 प्रतिशत की छूट भी दे रहा है. राखियां देश और विदेश में समयबद्ध पहुंचाने के लिए विशेष अभियान भी शुरू किया गया है. इंदौर परिक्षेत्र के प्रत्येक डाक संभाग में शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए समर्पित मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव नियुक्त किए गए हैं. ग्राहक 5 सितंबर तक व्हाट्सएप या ई-मेल के माध्यम से अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे.

गिफ्ट बॉक्स भी
डाक विभाग 10 अगस्त से 121 रुपए का विशेष राखी गिफ्ट बॉक्स भी उपलब्ध कराएगा. इसमें एक पारंपरिक राखी, कुमकुम, अक्षत और दो कोकोनट कुकीज़ होंगी. इसकी कीमत में देश के किसी भी स्थान पर स्पीड पोस्ट से भेजने का शुल्क भी शामिल रहेगा. इसके अलावा आईटीपीएस, एयर पार्सल और इंटरनेशनल स्पीड पोस्ट सेवाओं के जरिए राखियां और पार्सल विदेश भेजने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी.

डाक सेवाओं में उल्लेखनीय वृद्धि
कार्यक्रम में पोस्टमास्टर जनरल गौरव श्रीवास्तव ने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष में इंदौर परिक्षेत्र में डाक सेवाओं में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है. जुलाई तक पार्सल बुकिंग में 27 प्रतिशत, स्पीड पोस्ट में 21 प्रतिशत, अंतरराष्ट्रीय डाक में 91 प्रतिशत तथा आधार सेवाओं में 93 प्रतिशत की वृद्धि हुई है. इस अवधि में करीब 24 हजार पासपोर्ट आवेदन संसाधित किए गए, लगभग दो लाख नए खाते खोले गए और 17 हजार से अधिक सुकन्या समृद्धि खाते खोले गए. विभाग ने प्राप्त 99 प्रतिशत शिकायतों का भी निराकरण किया है. उन्होंने बताया कि 10 से 13 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान के तहत तिरंगा रैली और 11 अगस्त को इंदौर जीपीओ से तिरंगा मार्च निकाला जाएगा. वहीं श्रावण मास में चयनित डाकघरों और प्रमुख शिव मंदिरों पर 250 मिलीलीटर पैक में 30 रुपए में गंगाजल भी उपलब्ध कराया जा रहा है.

Next Post

सतत विकास बना फिनटेक की सबसे बड़ी ताकत, बोले फटाकपे के MD अमित गोयल

Fri Aug 7 , 2026
सतत विकास क्यों आजकल फिनटेक कंपनियों की सबसे बड़ी ताक़त बनता जा रहा है अमित गोयल, को-फ़ाउंडर एवं मैनेजिंग डायरेक्टर, फटाकपे सालों तक, भारत का स्टार्ट-अप इकोसिस्टम सुर्खियों में रहा जिसमें ज़्यादातर टेक्नोलॉजी से जुड़ी कंपनियाँ शामिल थीं, क्योंकि उन्होंने विकास का वादा किया और काफी बड़े स्तर पर काम […]

You May Like