भारतीय किशोरों का चौथे दिन दबदबा, चार स्वर्ण जीते

शिमकेंट (कजाकिस्तान), (वार्ता) शिमकेंट, कजाकिस्तान में जारी 16वीं एशियाई निशानेबाजी चैम्पियनशिप (राइफल/पिस्टल/शॉटगन) के चौथे दिन भारतीय किशोर निशानेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए व्यक्तिगत और टीम स्पर्धाओं में भारत के लिए पांच में से चार स्वर्ण पदक जीतकर सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा। इस प्रदर्शन से भारत का कुल पदक आंकड़ा बढ़कर 26 पदक हो गया, जिसमें 14 स्वर्ण, 6 रजत और 6 कांस्य शामिल हैं, जिससे भारत तालिका में शीर्ष पर मजबूती से बना हुआ है।

इससे पहले, सीनियर पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में भारत के तीनों निशानेबाजों ने शानदार क्वालिफिकेशन राउंड खेले और भारत को एक और टीम स्वर्ण दिलाया। हालांकि, रुद्रांक्ष पाटिल और अर्जुन बाबूता व्यक्तिगत फाइनल में पदक नहीं जीत सके और क्रमशः चौथे और पांचवें स्थान पर रहे।

रुद्रांक्ष फाइनल के दौरान अधिकांश समय पदक की दौड़ में बने रहे, लेकिन 24 शॉट्स के फाइनल में 20वें शॉट के बाद 207.6 के स्कोर पर बाहर हो गए। अर्जुन दो शॉट पहले 185.8 के स्कोर के साथ बाहर हुए। स्थानीय खिलाड़ी इस्लाम सतपायेव (कजाकिस्तान) ने स्वर्ण जीता, लू डिंगके (चीन) ने रजत और पार्क हेजून (कोरिया) ने कांस्य पदक जीता।

जूनियर पुरुष 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में, “अनुभवी” जूनियर अभिनव शॉ ने भारत के लिए स्वर्ण पदकों की शुरुआत की। उन्होंने नरन प्रणव (631.1 – तीसरे स्थान पर) और हिमांशु (630.9 – चौथे स्थान पर) के साथ मिलकर 628.1 का व्यक्तिगत स्कोर और कुल 1890.1 का टीम स्कोर किया, जो कि एशियाई और विश्व जूनियर रिकॉर्ड होने के साथ-साथ भारत के लिए टीम स्वर्ण पदक भी लाया।

इसके बाद अभिनव ने एक रोमांचक फाइनल खेला। पहले पांच शॉट्स के बाद वह पांचवें स्थान पर थे, लेकिन दूसरी सीरीज के बाद बढ़त बना ली। अंतिम चरणों में कोरिया के ली ह्यूनसियो के साथ कड़ी टक्कर देखने को मिली, जो उनसे दो साल बड़े थे। 17वें और 18वें शॉट पर दो हाई 9 आने के बावजूद अभिनव ने जबरदस्त संयम दिखाया और अंतिम छह शॉट्स में 10.4 से नीचे नहीं गए। 21वाँ शॉट 10.9 के साथ उन्होंने 0.1 अंकों से स्वर्ण जीत लिया।

जूनियर महिला स्कीट में बारी थी मानसी रघुवंशी की, जिन्होंने फाइनल में 60 में से 53 टारगेट हिट कर स्वर्ण पदक जीता। साथी निशानेबाज यशस्वी राठौर ने 52 स्कोर के साथ रजत, जबकि कजाकिस्तान की लिदिया बाशारोवा ने कांस्य पदक जीता। यहां भी मानसी ने अंत में जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए अपने आखिरी 10 में से सभी टारगेट हिट किए, जबकि यशस्वी ने दो टारगेट चूककर रजत पर संतोष किया। अग्रिमा कंवर, जो तीसरी भारतीय थीं, भी फाइनल में पहुंचीं और छठे स्थान पर रहीं।

जूनियर पुरुष स्कीट स्पर्धा में, हरमेहर सिंह लल्ली (क्वालिफिकेशन में 115 अंक, तीसरा स्थान) और ज्योतिरेदित्य सिंह सिसोदिया (110 अंक, पांचवां स्थान) ने फाइनल में क्रमशः रजत (52) और कांस्य (43) पदक जीते। कजाकिस्तान के आर्ट्योम सेडेलनिकोव ने 53 के स्कोर के साथ स्वर्ण पदक जीता।

हालांकि, हरमेहर और ज्योतिरेदित्य को दिन का स्वर्ण भी मिला, जब उन्होंने अतुल सिंह राजावत (107) के साथ मिलकर टीम स्कोर 338हासिल किया और जूनियर पुरुष स्कीट टीम स्वर्ण पदक जीता। यह स्कोर कजाकिस्तान की टीम से चार अंक अधिक रहा, जिन्होंने रजत पदक हासिल किया।

 

Next Post

मॉडिफाई साइलेंसर वाली गाड़ियों की जप्त

Fri Aug 22 , 2025
ग्वालियर: शहर में मॉडिफाई साइलेंसर लगाकर कर्कश ध्वनि उत्पन्न कर आमजन को परेशान करने वाले 9 वाहनों को जप्त कर यातायात पुलिस कंपू ने चालान बनाए। आला अधिकारियों के मुताबिक पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी व उप पुलिस अधीक्षक यातायात अजीत सिंह चौहान के मार्गदर्शन में […]

You May Like