
नई दिल्ली, 24 नवंबर, 2025: भारतीय मूल के स्टील टाइकून अरबपति लक्ष्मी एन मित्तल ने अब ब्रिटेन (UK) छोड़ने का फैसला कर लिया है। इस बड़े निर्णय के पीछे की मुख्य वजह ब्रिटिश लेबर पार्टी की लीडरशिप वाली सरकार द्वारा लागू किए जाने वाले सुपर-रिच टैक्स (Super-Rich Tax) की आशंका को बताया जा रहा है। ‘द संडे टाइम्स’ की रिपोर्ट के अनुसार, 75 वर्षीय मित्तल चांसलर रेचल रीव्स के बजट से ठीक पहले UK छोड़ने वाले नए अरबपति बन गए हैं। अनुमानित 15.4 अरब पाउंड की संपत्ति के साथ, वह ब्रिटेन के आठवें सबसे अमीर व्यक्ति हैं।
इनहेरिटेंस टैक्स बना पलायन की मुख्य वजह
लक्ष्मी मित्तल के पलायन की खबर ऐसे समय में आई है जब ब्रिटेन में अमीर लोगों पर टैक्स बढ़ने की उम्मीद है। रिपोर्ट के अनुसार, रईसों के सामने सबसे बड़ी परेशानी इनहेरिटेंस टैक्स (उत्तराधिकार टैक्स) में बदलाव की खबरों ने खड़ी की है। वर्तमान में ब्रिटेन में डेथ ड्यूटी (मृत्यु शुल्क) 40 प्रतिशत है, जबकि दुबई और स्विट्जरलैंड जैसे स्थानों पर कोई इनहेरिटेंस टैक्स लागू नहीं है। चांसलर के दूसरे बजट में 20% एग्जिट टैक्स लगने की अफवाहों ने भी अरबपतियों में खलबली मचा दी है।
दुबई होगा किंग ऑफ स्टील का नया ठिकाना
‘किंग ऑफ स्टील’ के नाम से मशहूर लक्ष्मी एन मित्तल का संभावित नया ठिकाना अब दुबई हो सकता है। संडे टाइम्स का दावा है कि उनके पास पहले से ही दुबई में एक शानदार हवेली मौजूद है। इसके अलावा, उन्होंने यूनाइटेड अरब अमीरात (UAE) में नाया आइलैंड पर एक डेवलपमेंट प्रोजेक्ट में भी बड़े हिस्से खरीदे हैं। लक्ष्मी मित्तल, जिन्होंने आर्सेलर मित्तल के माध्यम से अपनी संपत्ति बनाई, 1995 में लंदन चले गए थे, लेकिन अब उन्होंने अपना वैश्विक कारोबार दुबई से संचालित करने का फैसला किया है।
