इंदौर: मुंबई से फ्लाइट से इंदौर पहुंचे एक फर्नीचर व्यापारी के बैग का ताला टूटा मिलने और कीमती सामान गायब होने का मामला सामने आया है. एरोड्रम पुलिस ने शिकायत पर चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.शिकायतकर्ता हिमांशु गुप्ता निवासी श्रीनाथ रेजीडेंसी ने पुलिस को बताया कि वे 2 मई को एअर इंडिया की फ्लाइट एआई 2591 से मुंबई से इंदौर आए थे.
उन्होंने तड़के 4 बजे एयरपोर्ट पर अपने दो बैग चेक इन किए थे. फ्लाइट सुबह 7:25 बजे रवाना होकर करीब 9 बजे इंदौर पहुंची. यहां बैगेज बेल्ट नंबर-2 से सामान लेने पर उनके बड़े सूटकेस का ताला टूटा और चेन खुली हुई मिली. सूटकेस की जांच करने पर उसमें रखी राडो कंपनी की घड़ी, परफ्यूम और दो लेदर बेल्ट गायब मिले. पीड़ित के अनुसार बैग चेक इन के समय पूरी तरह सुरक्षित था.
घटना के बाद उन्होंने तत्काल एयरलाइन स्टाफ और सुरक्षा कर्मियों को शिकायत दी, लेकिन मौके पर न तो कोई ठोस कार्रवाई हुई और न ही उन्हें कोई लिखित दस्तावेज दिया. पीड़ित ने बाद में एयरलाइन को मेल और सोशल मीडिया के माध्यम से शिकायत की. इसके बाद एयरलाइन की ओर से पिल्फरेज रिपोर्ट मांगी गई, जबकि एयरपोर्ट पर यही रिपोर्ट बनाने से पहले मना कर दिया था, जिससे प्रक्रिया पर सवाल खड़े हो गए हैं. मामले में एरोड्रम पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर एयरलाइन स्टाफ से जानकारी जुटाना शुरू कर दिया है.
